दुर्ग। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल गुरुवार को दुर्ग जिले के दौरे पर थे। इस दौरान उन्होंने जिले को करोड़ो रुपयों की सौगात दी। उन्होंने भिलाई के सेक्टर-5 स्थित शहीद पार्क में म्यूजिकल फाउंटेन के उद्घाटन के मौके पर कहा कि यह शहीद पार्क हमारे शहीदों की सुंदर स्मृतियों को सहेजने के लिए बनाया गया है। भिलाई में शहीदों की स्मृति को सहेजने के लिए यह सुंदर उपक्रम किया गया है। शहीद भगत सिंह ने बहुत कम आयु में हमें बलिदान की ऐसी सीख दी, जिस पर हम हमेशा गौरव करेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भिलाई के विकास के लिए हर संभव कार्य किए जाएंगे। उन्होंने सिविक सेंटर के विकास के लिए 10 करोड़ रुपये की राशि दिए जाने की घोषणा की। वहीं भिलाई के सेक्टर-9 स्थित हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना की और प्रदेश की खुशहाली के लिए कामना की।

भिलाई-3 के मिनी स्टेडियम का लोकार्पण

भिलाई-चरोदा में 41 करोड़ रुपये के निर्माण कार्यों के लोकार्पण और भूमिपूजन के मौके पर सीएम ने भिलाई-3 के मिनी स्टेडियम को स्टेडियम के रूप में अपग्रेड करने, चरौदा के फुटबॉल स्टेडियम में बैठक व्यवस्था, कुंद्रापारा के विस्थापित लोगों को पट्टा प्रदान करने और स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल में अतिरिक्त सीटें सृजित करने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने इस मौके पर कहा कि छत्तीसगढ़ में तेजी से अधोसंरचना विकास के कार्य किए जा रहे हैं। देशभर में विविध क्षेत्रों में छत्तीसगढ़ अग्रणी रहा है। चाहे वह स्वच्छता का क्षेत्र हो, चाहे वनोपजों की खरीदी का क्षेत्र हो या वाटर रिचार्जिंग का विषय हो। विकास के मामले में छत्तीसगढ़ अग्रणी भूमिका निभा रहा है।

रिसाली में कॉलेज और अस्पताल भवन निर्माण की घोषणा

सीएम ने दुर्ग जिले की नगर निगम रिसाली में 27 करोड़ रुपये के विकासकार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि नई सरकार बनने के बाद पिछले तीन वर्षों में प्रदेशवासियों को 5 नए जिले और नए नगर निगम रिसाली की सौगात मिली। उन्होंने कहा कि इस अवधि में तहसील भी बहुत संख्या में बनी है। लेकिन नगर निगम केवल एक बना है वह है रिसाली। क्षेत्र की जनता की लंबे समय से मांग थी कि यहां पर निगम बने। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर रिसाली में कॉलेज और अस्पताल भवन निर्माण की घोषणा की।