बिलासपुर। कोरोना महामारी के चलते पिछले दो साल से रेलवे प्रबंधन ने रेलवे हास्पिटल मार्ग को ब्लॉक कर दिया है। इसके चलते रेलवे क्षेत्र में यातायात का दबाव बढ़ गया है। विशेषकर भारत माता स्कूल मार्ग में आए दिन जाम और दुर्घटना की स्थिति बन रही है। इसे देखते हुए स्थानीय लोगों की मांग पर बिलासपुर महापौर रामशरण यादव और पार्षदों ने डिविजनल रेलवे मैनेजर से इस रास्ते को खोलने की मांग की है।

कोरोना के दौर में जब मरीजों की संख्या बढ़ रही थी, तब रेलवे हॉस्पिटल को भी कोविड अस्पताल बनाया गया था। इसके बाद से रेलवे ने इस रास्ते को बंद कर दिया है। इसके चलते भारत माता स्कूल वाली सड़क पर भारी वाहनों के आवागमन के कारण यहां आए दिन हादसे हो रहे हैं। मेयर और रेलवे क्षेत्र के पार्षद सांई भास्कर, अजय यादव ने डीआरएम से जल्द रेलवे हॉस्पिटल वाले रास्ते को खोलने की मांग की है। जिससे कि भारत माता स्कूल वाली रोड पर ट्रैफिक का दबाव बंट जाएगा और लोगों को आने जाने में परेशानी नहीं होगी।