रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सोमवार शाम अपने निवास कार्यालय में भारत स्कॉउट्स एवं गाइड्स और यूनीसेफ के सहयोग से 10 से 25 आयु वर्ग के बालक-बालिका के मानसिक और शारीरिक विकास के लिए संचलित होने वाले ‘तारुण्य वार्ता’ कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने इस अवसर पर कार्यक्रम की पुस्तिका का विमोचन और लोगो को लांच भी किया। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर स्कॉउट गाइड की राज्य आयुक्त (रेंजर) सीमा वर्मा को वारंट भी प्रदान किया। तारुण्य वार्ता कार्यक्रम के माध्यम से किशोरों और किशोरियों को भी स्वयं को व्यक्त करने का मंच मिलेगा। इस कार्यक्रम के माध्यम से बाल संरक्षण, बाल अधिकार, शारीरिक संरचना, लैंगिक समानता, हिंसा के प्रकार, बाल यौन शोषण जैसे जरूरी विषयों पर किशोर और किशोरियों के साथ बात हो पाएगी।

राज्य प्रमुख आयुक्त स्कॉउट्स संसदीय सचिव विनोद सेवनलाल चन्द्राकर ने बताया कि स्कॉउट्स एवं गाइड्स के रोवर्स, रेंजर्स ने कोरोनाकाल में मास्क वितरण, अस्पतालों में कोरोना वारियर्स के रूप में सेवा, असहाय व्यक्तियों के भोजन की व्यवस्था, फल और भोजन वितरण जैसे महत्वपूर्ण सामाजिक कार्यों में अपनी सक्रिय सहभागिता दी है।

पूरे देश में छत्तीसगढ़ को स्कॉउट-गाइड ने तीसरा स्थान प्राप्त

विश्व पर्यावरण दिवस 5 जून 2021 को प्रदेश में लगभग 4 लाख पौधों का रोपण किया गया, जिसमें अकेले मुंगेली जिले में 60 हजार पौधे रोपे गए। रक्तदान दिवस एवं शिक्षक दिवस पर 1846 स्कॉउट-गाइड ने रक्तदान किया। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय मुख्यालय नई दिल्ली द्वारा ऑनलाईन पंजीयन के पोर्टल में सबका पंजीयन होना था जिसमें छत्तीसगढ़ ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। कोरोनाकाल में किए गए कार्य पर पूरे देश में छत्तीसगढ़ को स्कॉउट-गाइड ने तीसरा स्थान प्राप्त हुआ। उन्होंने मुख्यमंत्री ने निवेदन किया कि छत्तीसगढ़ के विश्वविद्यालय और महाविद्यालयों में स्कॉडट-गाइड की गतिविधि प्रारंभ करने की अनुमति दी जाए।