राजधानी Delhi के द्वारका इलाके में 3 फरवरी को हुई एक भीषण सड़क दुर्घटना ने सोशल मीडिया ट्रेंड और लापरवाह ड्राइविंग पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। द्वारका साउथ थाना क्षेत्र में लाल बहादुर शास्त्री कॉलेज के पास तेज रफ्तार स्कॉर्पियो कार ने बाइक सवार 23 वर्षीय साहिल धनेश्रा को टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार, सुबह करीब 11:57 बजे हादसे की सूचना मिली। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो नियंत्रण खो बैठी और सड़क किनारे खड़ी एक टैक्सी से जा टकराई। इस हादसे में टैक्सी चालक भी गंभीर रूप से घायल हो गया।

बिना लाइसेंस चला रहा था 17 वर्षीय चालक

जांच में पता चला कि वाहन चला रहा युवक 17 वर्ष का नाबालिग था और उसके पास वैध ड्राइविंग लाइसेंस नहीं था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया, लेकिन बाद में उसे बोर्ड परीक्षा के मद्देनजर अंतरिम जमानत दे दी गई।

‘रील’ बनाने के दौरान स्टंट का आरोप

मृतक की मां इन्ना माकन का आरोप है कि हादसे के समय आरोपी तेज रफ्तार में गाड़ी चला रहा था और उसकी बहन साथ बैठकर रील बना रही थी। उनका कहना है कि स्कॉर्पियो गलत लेन में चल रही थी और बस के सामने स्टंट करने की कोशिश की गई, जिसके चलते यह दर्दनाक दुर्घटना हुई।

परिवार का यह भी दावा है कि संबंधित वाहन पर पहले से ओवरस्पीडिंग के 13 चालान दर्ज थे, फिर भी वाहन चालक को रोका नहीं गया।

मां की इंसाफ की पुकार

सिंगल मदर के रूप में अपने बेटे को पालने वाली इन्ना माकन अब न्याय की मांग कर रही हैं। उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से निष्पक्ष जांच और सख्त कानूनी कार्रवाई की अपील की है। उनका कहना है कि यह सिर्फ एक हादसा नहीं, बल्कि गैर-जिम्मेदाराना और आपराधिक सोच का परिणाम है।

यह घटना एक बार फिर यह सोचने पर मजबूर करती है कि सोशल मीडिया पर लोकप्रियता की चाह में की गई लापरवाही कितनी जानलेवा साबित हो सकती है।