छत्तीसगढ़ शासन और कंसलटेंसी फर्म “विएक्सपोइंडिया” के मध्य एमओयू

रायपुर। छत्तीसगढ़ में वैश्विक निवेश आकर्षित करने के लिए नवा रायपुर में ग्लोबल इन्वेस्टर्स मीट- ‘इन्वेस्टगढ़ छत्तीसगढ़- 2022’ का आयोजन 27 जनवरी से 1 फरवरी तक किया जाएगा। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने गुरुवार को निवास कार्यालय में आयोजित इन्वेस्टगढ़ छत्तीसगढ़ परियोजना के उद्घाटन समारोह में इसकी औपचारिक घोषणा की। उन्होंने इसका लोगो (प्रतीक चिन्ह) और वेबसाइट लांच की। मुख्यमंत्री श्री बघेल ने कहा कि छत्तीसगढ़ में औद्योगिक विकास और पूंजी निवेश की अपार संभावनाएं हैं। राज्य सरकार ने उद्योग हितैषी नई औद्योगिक नीति तैयार की है। राज्य में अधिकाधिक निवेश आकर्षित करने के लिए आवंटित भूमि की दरों में 30 प्रतिशत तथा लीज रेंट की दरों में एक प्रतिशत की कमी करने के साथ औद्योगिक भूमि को फ्री-होल्ड, आंशिक हस्तांतरण की प्रक्रिया को सरल किया गया है। उद्योगों के लिए सिंगल विंडो स्थापित करने के साथ अनेक रियायतें और विशेष पैकेज तथा परिवहन अनुदान की सुविधा देने जैसे कदम उठाए गए हैं। उन्होंने कहा कि राज्य शासन की ओर से दिए जा रहे प्रोत्साहन के साथ अच्छी परिवहन प्रणाली, बढिय़ा कानून व्यवस्था, भरपूर पानी, देश के प्रमुख बाजारों तक आसान पहुंच, कम उत्पादन लागत जैसे बहुत से लाभ उद्योगों को मिलते हैं। उन्होंने कहा कि ग्लोबल इन्वेस्टर्स मीट के दौरान राज्य सरकार द्वारा स्थानीय कंपनियों और उद्योगों के लिए ‘गो-ग्लोबल’ की पहल की जाएगी, ताकि स्थानीय उद्योगपति भी वैश्विक स्तर पर अपने व्यवसाय का प्रसार कर सकें। कार्यक्रम से वियतनाम, मलेशिया, सिंगापुर, लंदन, यूएसए, दुबई, इजिप्ट आदि देशों से निवेशक समुदाय के प्रतिनिधि वर्चुअल रूप से जुड़े।

50 बिलियन डॉलर से अधिक का लक्ष्य

छत्तीसगढ़ वाणिज्य एवं उद्योग विभाग द्वारा इसका आयोजन किया जा रहा है। इन्वेस्टगढ़ छत्तीसगढ़ के आयोजन के माध्यम से राज्य में 50 बिलियन डॉलर से अधिक वैश्विक निवेश आकर्षित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसकी मेजबानी अंतर्राष्ट्रीय स्तर की कंसल्टेंसी फर्म मेसर्स एडूविजन इंडिया प्रायवेट लिमिटेड ब्रैण्डनेम Óविएक्सपो इंडियाÓ द्वारा की जाएगी। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा Óविएक्सपो इंडियाÓ के साथ एमओयू हस्ताक्षरित किए गए। राज्य सरकार की ओर से उद्योग विभाग के प्रमुख सचिव मनोज कुमार पिंगुआ और विएक्सपो इंडिया के सीईओ के. विनोथ कुमार ने एमओयू पर हस्ताक्षर किए।

इन सेक्टरों पर फोकस

कंसल्टेंसी फर्म मेसर्स एडूविजन इंडिया प्रायवेट लिमिटेड ने कई हाईप्रोफाइल प्रोजेक्ट का नेतृत्व किया है। फर्म ने वल्र्ड बैंक एवं तेलंगाना सरकार के साथ भी कार्य किया है। विएक्सपो इंडिया द्वारा ‘इन्वेस्टगढ़-छत्तीसगढ़-2022’ परियोजना के आयोजन का प्लान तैयार किया गया है। ग्लोबल इन्वेस्टर्स मीट का फोकस मुख्य रूप से एग्रीकल्चर, माइनिंग, हैवी इंजीनियरिंग एण्ड फैब्रिकेशन, ग्रीन एनर्जी के साथ फार्मास्यूटिकल और आटोमोबाइल क्षेत्र में निवेश आकर्षित करने पर होगा। परियोजना का कुल बजट लगभग 107 करोड़ प्रस्तावित है।