रायपुर, 18 फरवरी 2026। Ramen Deka से लोकभवन में छत्तीसगढ़ इकाई की नवगठित प्रबंध समिति ने शिष्टाचार मुलाकात की। इस बैठक में रेडक्रॉस की मौजूदा गतिविधियों, आपदा प्रबंधन, स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और आगामी योजनाओं पर गंभीर विचार-विमर्श किया गया।
राज्यपाल ने संगठन की सदस्यता बढ़ाने और विशेष रूप से युवाओं को रेडक्रॉस से जोड़ने पर बल दिया। उन्होंने सिकल सेल जैसी गंभीर आनुवांशिक बीमारी की रोकथाम और समय पर पहचान के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए।
रायपुर में अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त ब्लड बैंक की स्थापना को प्राथमिकता देने की बात कही गई। साथ ही सर्वसुविधायुक्त एम्बुलेंस सेवा शुरू करने की प्रक्रिया में तेजी लाने पर जोर दिया गया। जानकारी दी गई कि एम्बुलेंस के लिए एसईसीएल से स्वीकृति मिल चुकी है और जल्द ही यह सेवा आमजन के लिए उपलब्ध होगी।
राज्यपाल ने जिलों में रेडक्रॉस के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए जिला कलेक्टरों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के सहयोग से भवन, ब्लड बैंक और एम्बुलेंस की स्थापना सुनिश्चित करने का सुझाव दिया।
बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी एम. के. राउत, अध्यक्ष टोमन साहू सहित समिति के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
