छत्तीसगढ़ में महिला सशक्तिकरण और कौशल विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाली लखपति दीदियों और उत्कृष्ट विद्यार्थियों को आज राज्यपाल श्री रमेन डेका ने रायपुर स्थित राजभवन में सम्मानित किया।
यह समारोह खैरगढ़-छुईखदान-गण्डई जिले के गोदग्राम सोनपुरी के प्रेरणादायक कार्यों पर आधारित था, जिसने ग्रामीण विकास की दिशा में नई मिसाल कायम की है।

राज्यपाल श्री डेका ने अपने हाथों से प्रमाण पत्र प्रदान करते हुए कहा कि —

“महिलाएं और युवा जब कौशल और आत्मविश्वास से आगे बढ़ते हैं, तो समाज स्वतः समृद्ध होता है।”

उन्होंने मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना के तहत प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे विद्यार्थियों से मुलाकात की और उन्हें सीखे गए कौशलों को जीवन में उपयोग करने की सलाह दी।

कार्यक्रम के दौरान लखपति दीदियों ने राज्यपाल को बताया कि वे किस तरह जैविक खेती और ड्रोन तकनीक के माध्यम से आजीविका और नवाचार का संगम बना रही हैं। राज्यपाल ने उनके प्रयासों को सराहते हुए कहा कि “छत्तीसगढ़ की महिलाएं आत्मनिर्भरता की मिसाल बन रही हैं।”

समारोह में खुसाल वर्मा, कपिल वर्मा, टोपसिंग, पिमला वर्मा, खुशी, प्रिया वर्मा, पूजा और विनीता यादव जैसे विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।
वहीं जैविक कृषि सखी राधा वर्मा, ड्रोन दीदी सवित्री साहू, स्वच्छग्राही गोदावरी और निता वर्मा को उनके योगदान के लिए सम्मान प्रमाण पत्र दिया गया।

राज्यपाल ने कहा कि यह सम्मान केवल व्यक्तियों का नहीं, बल्कि पूरे गोदग्राम सोनपुरी की मेहनत, निष्ठा और नवाचार की पहचान है।