टीम इंडिया में सबकुछ सही नहीं चल रहा है। ऐसा कहा जा रहा है कि विराट कोहली बीसीसीआई के उस फैसले से नाराज है जिसमे उन्हें वनडे की कप्तानी से हटा दिया गया।वहीं खबरें ये भी आने लगी कि दक्षिण अफ्रीका दौरे में विराट टेस्ट मैच खेलेंगे लेकिन वनडे टीम का हिस्सा नहीं होंगे।


इन सभी बातों को टीम इंडिया के पूर्व वनडे कप्तान विराट कोहली ने एक सिरे से खारिज करते हुए विराम लगा दिया है। विराट कोहली ने कहा कि वो दक्षिण अफ्रीका दौरे के लिए उपलब्ध रहेंगे। विराट कोहली ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए कहा कि वो टेस्ट के साथ वन डे की कप्तानी करना चाह रहे थे। लेकिन सेलेक्टर्स ने कहा कि वन डे टीम के लिए उनसे कप्तानी वापस ली जा रही है। जिसके बाद कोहली ने कहा कि उन्हें कोई परेशानी नहीं है। कोहली ने रोहित के साथ अपनी अनबन की खबरों को भी नकारा। उन्होंने कहा कि मेरे और रोहित शर्मा के बीच कोई समस्या नहीं है। विराट ने कहा कि मैं वनडे सीरीज के लिए उपलब्ध हूं और पहले भी उपलब्ध था। मैं वनडे के लिए भी उपलब्ध हूं और हमेशा ही खेलना चाहता हूं। मैंने बोर्ड से कभी भी ब्रेक की बात नहीं कही।

BCCI के बयानों से कन्फ्यूजन हुआ

रोहित और विराट के बीच कलह की खबरों के बीच BCCI के अधिकारियों के कई बयान आए। इन बयानों के चलते विराट कोहली के वनडे सीरीज में खेलने को लेकर कन्फ्यूजन पैदा हुआ। BCCI के एक सूत्र ने पहले कहा कि वनडे सीरीज में विराट कोहली ब्रेक पर रहेंगे। एक अन्य सूत्र ने कहा कि विराट कोहली वनडे सीरीज में खेलेंगे, क्योंकि उन्होंने अभी ब्रेक के लिए ऑफिशियल एप्लीकेशन नहीं दी है और जब तक ऐसा नहीं होता है, तब तक वे सीरीज में खेल रहे हैं। हां, चोट लग जाए तो बात अलग है। उधर, बोर्ड के कोषाध्यक्ष अरुण धूमल ने कहा कि जब विराट कोहली को वनडे की कप्तानी से हटाने का फैसला भी नहीं लिया गया था, तभी उन्होंने यह इच्छा जाहिर कर दी थी कि वे वन डे सीरीज में खेलना नहीं चाहते हैं।