रायपुर। गंगरेल बांध घूमकर घर लौटे एक परिवार के 5 सदस्य कोरोना की चपेट में आ गये है। स्थिति को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर ने उस वार्ड को कंटेन्मेंट जोन घोषित कर दिया है। कोरोना गाइडलाइन का पालन न करने और बिना मास्क के घूमने वाले 26 लोगों पर 2500 रुपए की चालानी कार्रवाई भी की गई है।
बलौदाबाजार-भाटापारा जिला के भाटापारा नगर पालिका इलाके के संत रविदास वार्ड का एक परिवार कुछ दिन पहले गंगरेल बांध घूमने गए थे। वहां से लौटने के बाद सभी को सर्दी-खांसी हो गई थी। राहत नही मिलनें पर उन्होंने कोविड टेस्ट कराया जिसमें सभी पॉजिटिव पाए गए। जिसके बाद से सभी होम आइसोलेशन में है। बताया गया है इनमे से 1को दोनों डोज एवं 4 को सिंगल डोज वैक्सिन लग चुका।
स्थिति को नियंत्रण करने के लिए कलेक्टर सुनील जैन ने संत रविदास वार्ड को कंटेन्मेंट जोन घोषित किया है। भाटापारा में विगत हफ्ते से 7 नए मामले सामने आये हैं। एसडीएम लवीना पांडेय ने बताया कि कोरोना के बढ़ते आंकड़ों को देखते हुए कोविड गाइडलाइन का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं। जो पालन नहीं कर रहा है उस पर सख्ती बरती जा रही है। बीएमओ डॉ. राजेन्द्र माहेश्वरी ने कहा कि क्षेत्र में लगातार कोरोना मरीज मिलना चिंता का विषय है। उन्होंने इलाके के लोगों से कोरोना का टीका लगवाने की अपील की है साथ ही घर से निकलते समय चेहरे पर मास्क, सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों का पालन करने, समय-समय पर हाथों को सैनेटाइज करने की भी अपील की है।