सीहोर। कांग्रेस पार्टी द्वारा निकाली जा रही भारत जोड़ो यात्रा मध्य प्रदेश में प्रवेश कर गई है। इस यात्रा को लेकर कांग्रेसियों में काफी उत्साह है। यात्रा के समर्थन में उपयात्राएं भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा निकाली जा रही है। एेसी ही एक उपयात्रा शुक्रवार को सीहोर विधान सभा के ग्राम सोनकच्छ में प्रवेश करेगी। यहां इस यात्रा का स्वागत कांग्रेस के युवा नेता और जिला पंचायत सदस्य शशांक सक्सेना सैकड़ों समर्थकों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ करेंगे। कांग्रेस की यह उपयात्रा भोपाल से सीहोर विधान सभा होते हुए, आगर मालवा में मुख्य भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होगी। गुरुवार को यात्रा के संबंध में शशांक सक्सेना ने क्षेत्र के अनेकों गांवों में बैठकें आयोजित की। इसमें दोराहा, बैरागढ़ खुमान, हिंगोनी, श्यामपुर, पाटन सहित अन्य गांव शामिल हैं। इन गांवों में सक्सेना ने पहुंचकर कांग्रेस जनों और युवाओं से यात्रा में शामिल होने की अपील की है।