कस्टम मिलिंग के लिए धान का तेजी से उठाव: 2.49 लाख मीट्रिक टन का डीओ जारी

रायपुर। प्रदेश में खरीफ विपणन वर्ष 2021-22 के लिए 1 दिसंबर से धान खरीदी शुरू हो गई है। इसे लेकर किसानों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। आंकड़ो के मुताबिक बीते 8 दिनों में, बुधवार शाम तक 3 लाख 33 हजार 620 किसानों से 11 लाख 12 हजार 824 मीट्रिक टन धान खरीदा गया है।

प्रदेश में 2477 धान उपार्जन केन्द्रों के जरिए धान खरीदी की जा रही है। खरीदी के बाद बैंक लिकिंग व्यवस्था के तहत इन किसानों को 1772 करोड़ 92 लाख रुपये की राशि मार्कफेड द्वारा अपैक्स बैंक को भुगतान के लिए जारी किया गया है।

राजनांदगांव सबसे आगे

  • धान खरीदी के मामेल में राजनांदगांव पहले दिन से ही सबसे आगे चल रहा है।
  • खरीदी के आठवें दिन भी राजनांदगांव जिला प्रदेश में पहले पायदान पर रहा। राजनांदगांव जिले में 1,18,927 मीट्रिक टन धान की खरीदी हो चुकी है।
  • बेमेतरा जिला धान खरीदी के मामले में बुधवार को राज्य में दूसरे नंबर पर रहा। बेमेतरा जिले में 87,566 मीट्रिक टन धान की खरीदी की गई है।
  • वहीं अब तक की धान खरीदी में बलौदाबाजार जिला राज्य में तीसरे नंबर पर है। बलौदाबाजार जिले में 86,783 मीट्रिक टन धान खरीदा जा चुका है।
धान खरीदी

सीएम के निर्देश पर धान का उठाव शुरू

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की पहल पर धान खरीदी, मंडियों से धान का उठाव एवं कस्टम मिलिंग का काम लगातार हो रहा है। धान खरीदी के तीसरे दिन से ही प्रदेश के लगभग सभी जिलों से धान का उठाव भी शुरू कर दिया गया है।

धान खरीदी केंद्रों में वैक्सीनेशन की व्यवस्था

सूरजपुर जिले के प्रभारी सचिव एवं समाज कल्याण विभाग के सचिव पी. दयानंद ने सूरजपुर के मानी, कंदराई और जयनगर के धान खरीदी केंद्रों का निरीक्षण किया। प्रभारी सचिव ने धान खरीदी के लिए जरूरी संसाधनों जैसे बारदानों सहित कंप्यूटर ऑपरेटर और नमी मापक यंत्र आदि व्यवस्थाओं के बारे में समिति प्रबंधकों से जानकारी ली। प्रभारी सचिव ने खरीदी केंद्रों में समर्थन मूल्य पर बेचने लाए गए धान की गुणवत्ता, समिति में बारदाना की उपलब्धता, जारी किए जा रहे टोकन, पंजी संधारण और धान खरीदी की मात्रा आदि का भी जायजा लिया। उन्होंने खरीदी केन्द्र में वैक्सीनेशन के लिए समिति के अधिकारियों को बधाई दी।

सरकार की व्यवस्था से किसान संतुष्ट

समर्थन मूल्य पर धान बेचने को लेकर किसानों में काफी उत्साह है। उपार्जन केंद्रों में टोकन के आधार पर किसान धान बेचने के लिए पहुंच रहे है। मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार खरीदी केन्द्रों में किसानों की सहूलियत और धान खरीदी की व्यवस्था का जायजा लेने के लिए वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी लगातार केंद्रों का दौरा कर रहे हैं। इस दौरान अधिकारियों द्वारा किसानों से धान खरीदी व्यवस्था के संबंध में चर्चा भी की जा रही है। किसानों ने धान खरीदी व्यवस्था को संतोषप्रद बताया और पुराने बारदाने की दर 25 रुपये किए जाने से खुशी जाहिर करते हुए राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।

धान खरीदी

खाद्य विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक चालू विपणन वर्ष में विभिन्न जिलों में कुल खरीदी-

  • बस्तर जिले में 11,994 मीट्रिक टन
  • बीजापुर जिले में 2167 मीट्रिक टन
  • दंतेवाड़ा जिले में 377 मीट्रिक टन
  • कांकेर जिले में 32 हजार 775 मीट्रिक टन
  • कोंडागांव जिले में 19 हजार 514 मीट्रिक टन
  • नारायणपुर जिले में 1949 मीट्रिक टन
  • सुकमा जिले में 1623 मीट्रिक टन
  • बिलासपुर जिले में 55,844 मीट्रिक टन
  • गौरेला-पेंड्रा-मरवाही 6781 मीट्रिक टन
  • जांजगीर-चांपा जिले में 54,206 मीट्रिक टन
  • कोरबा जिले में 9122 मीट्रिक टन
  • मुंगेली जिले में 43,012 मीट्रिक टन
  • रायगढ़ जिले में 52,367 मीट्रिक टन
  • बालोद जिले में 80,304 मीट्रिक टन
  • बेमेतरा जिले में 87,566 मीट्रिक टन
  • दुर्ग जिले में 57,480 मीट्रिक टन
  • कवर्धा में 60,816 मीट्रिक टन
  • राजनांदगांव जिले में 1,18,927 मीट्रिक टन
  • बलौदाबाजार जिले में 86,783 मीट्रिक टन
  • धमतरी जिले में 56,925 मीट्रिक टन
  • गरियाबंद जिले में 42,874 मीट्रिक टन
  • महासमुंद जिले में 79,018 मीट्रिक टन
  • रायपुर जिले में 69,282 मीट्रिक टन
  • बलरामपुर जिले में 15,311 मीट्रिक टन
  • जशपुर जिले में 9153 मीट्रिक टन
  • कोरिया जिले में 10,666 मीट्रिक टन
  • सरगुजा जिले में 18,268 मीट्रिक टन
  • सूरजपुर जिले में 27,720 मीट्रिक टन धान की खरीदी हो चुकी है।