रायगढ़। छत्तीसगढ़ के भूपदेवपुर स्थित नवोदय स्कूल के 13 बच्चे कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। पॉजिटिव पाए गए सभी बच्चे कक्षा 8वीं और 10वीं के बताए जा रहे हैं। फिलहाल बच्चों को गेस्ट हाउस में शिफ्ट कर दिया गया है। जांच के लिए स्वास्थ्य विभाग ने कैंप लगाया है। आज 100 से ज्यादा सैंपल RT-PCR जांच के लिए भेजे गए हैं और रिपोर्ट रात तक आने की संभावना है। प्रशासन ने स्कूल को कंटेनमेंट जोन घोषित कर दिया है।

जानकारी के मुताबिक शुक्रवार को स्कूल में 3‎ छात्राओं में सर्दी, खांसी बुखार जैसे लक्षण दिखाई दिए थे। इनके एंटीजन टेस्ट किए गए तो रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इसके बाद सतर्कता बरतते हुए देर शाम तक संपर्क में आए बच्चों की जांच की गई तो 10 और संक्रमित मिले। स्कूल परिसर में बने हॉस्टल में 300 से ज्यादा स्टूडेंट, टीचर और अन्य स्टाफ हैं। कांटेक्ट ट्रेसिंग के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीम को भेजा गया है। सभी की जांच की जा रही है।