खाद की जमाखोरी पर बड़ी कार्रवाई: 162 बोरी उर्वरक जब्त, गोदाम सील

किसान हित में प्रशासनिक सख्ती ने फिर दिखाया असर। खरीफ सीजन के दौरान कालाबाजारी पर लगाम कसने हेतु प्रशासन पूरी मुस्तैदी से कार्य कर रहा है। पेंड्रा तहसील के आमाडांड और झाबर गांव में एक बड़ी कार्रवाई में अवैध रूप से संग्रहित 162 बोरी उर्वरक जब्त की गई है।

कलेक्टर लीना कमलेश मंडावी के निर्देश पर गठित राजस्व व कृषि विभाग की संयुक्त टीम ने यह छापा मारा। आमाडांड के शेर बहादुर ठाकुर के घर और दुकान से 84 बोरी एनपीके व डीएपी खाद, वहीं झाबर निवासी अभिषेक सोनी के गोदाम से 78 बोरी एनपीके व सुपर फास्फेट खाद बरामद हुई।

दोनों ही स्थानों पर उर्वरक बिना वैध लाइसेंस के भंडारित पाए गए, जिसके आधार पर गोदामों को तत्काल सील कर दिया गया।

इस संयुक्त कार्रवाई में पेंड्रा तहसीलदार अविनाश कुजूर, उप संचालक कृषि सत्यजीत कंवर और उर्वरक निरीक्षक हेमंत कश्यप की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि खाद की कालाबाजारी और अवैध भंडारण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और किसानों को जरूरी खाद की समय पर आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी।