रायपुर। प्रदेश के मुख्य सचिव अमिताभ जैन ने 30 नवंबर की दोपहर सभी जिलो के कलेक्टरों और एसपी की वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक ली। बता दें कि प्रदेशभर में आज से धान खरीदी शुरू हो गई है। कोरोना संबंधी व्यवस्था को देखते हुए सरकार ने प्रदेश के धान खरीदी केन्द्रों में कोरोना स्वास्थ्य शिविर लगाने का निर्णय लिया है। इन स्वास्थ्य शिविरों में कोरोना जांच के साथ-साथ कोविड 19 के टीके लगाने की व्यवस्था होगी। मुख्य सचिव अमिताभ जैन ने इस संबंध में बैठक कर आवश्यक दिशा निर्देश जारी किए हैं।
मुख्य सचिव जैन ने कोविड-19 के नए वैरिएंट से बचाव के लिए जरूरी तैयारियों के संबंध में कहा कि विदेशों से छत्तीसगढ़ आने वाले यात्रियों की विधिवत निगरानी और मॉनिटरिंग की जाए। संक्रमण के फैलाव को रोकने के लिए जिला स्तर पर प्रभावी कार्रवाई की जाए। संक्रमण न होने की स्थिति में 14 दिन का होम क्वारेंटिन और संक्रमण की स्थिति पाए जाने पर जरूरी उपचार के साथ ही जीनोम सिक्वेंसिंग भी कराई जाए। उन्होंने कहा कि राज्य के तीन प्रमुख हवाई अड्डों में संक्रमण की जांच के साथ ही हेल्पडेस्क स्थापित किए जाएं, जहां विदेशों से आने वाले प्रत्येक यात्रियों की स्क्रीनिंग की जाएगी। जिसमें वैक्सीनेशन के प्रमाण पत्र, संक्रमण जांच की रिपोर्ट का निरीक्षण किया जाए। साथ ही यात्रियों से यह प्रमाण पत्र लिया जाए कि उनकी यात्रा किन-किन देशों से होकर गुजरी है।
कोविड केयर सेंटरों को अपडेट रखने के निर्देश
इसके साथ ही राज्य के धान खरीदी केन्द्रों में भी जांच और टीकाकरण शिविर नियमित रूप से लगाए जाने का निर्देश दिया गया है। इन शिविरों में धान बेचने आ रहे किसानों की जांच और टीकाकरण की व्यवस्था भी करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के प्रमुख स्थलों, चौक-चौराहों और भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर मास्क का प्रयोग अनिवार्य रूप से करने के लिए प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए। उन्होंने संक्रमण बढ़ने की स्थिति से निपटने के लिए सभी स्वास्थ्य केन्द्रों और कोविड केयर सेंटर में पर्याप्त बेड, दवाईयां, ऑक्सीजन सिलेंण्डर, वेंटिलेटर सहित अन्य जरूरी व्यवस्थाएं दुरूस्त रखने के निर्देश भी दिए है।
jai sir is a dedicated news blogger at The Hind Press, known for his sharp insights and fact-based reporting. With a passion for current affairs and investigative journalism, he covers national, international, sports, science, headlines, political developments, environment, and social issues with clarity and integrity.
