रायपुर। राज्य शासन के स्वास्थ्य विभाग ने दक्षिण अफ्रीका में मिले कोरोना वायरस के नए वेरिएंट ओमिकॉर्न को देखते हुए सावधानी बरतने के निर्देश दिए हैं। विभाग ने सभी कलेक्टरों को पत्र जारी कर कोविड-19 के नए वेरिएंट की त्वरित पहचान और बचाव के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश दिए हैं। प्रदेश के रायपुर, बिलासपुर और जगदलपुर एयरपोर्ट में हेल्प डेस्क बनाकर विदेश से आने वालों की स्क्रीनिंग, कोविड-19 टेस्ट रिपोर्ट, टीकाकरण और भारत आने के बाद क्वॉरेंटाइन और कोरोना के लक्षण के संबंध में जानकारी लेते हुए केंद्र सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुरुप कार्रवाई करने कहा गया है।

स्वास्थ्य विभाग ने राज्य सर्विलांस यूनिट के साथ मिलकर सभी जिलों को हर दिन विदेशों से अंतरराष्ट्रीय यात्रा कर आने वाले व्यक्तियों की जानकारी लेने के निर्देश दिए हैं। ऐसे व्यक्ति जिन्होंने भारत आने के बाद अपनी 7 दिनों की क्वॉरेंटाइन अवधि पूरी नहीं की है, उन्हें 7 दिनों के होम-क्वॉरेंटाइन का पालन कराने को कहा गया है। इन व्यक्तियों के 8वें दिन आरटीपीसीआर जांच कराने और रिपोर्ट आने पर सैंपल को डब्ल्यूजीएस (होल जिनोम स्क्वेंसिंग) जांच के लिए भेजने के भी निर्देश दिए गए हैं।

फिर अपनानी होगी कुछ आदतें

नए वेरिएंट की पहचान और निगरानी के लिए रोज हर जिले को आरटीपीसीआर जांच में धनात्मक आने वाले कम से कम पांच प्रतिशत सैंपलों को डब्ल्यूजीएस जांच के लिए भेजने के निर्देश दिए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग ने सभी जिलों में कोरोना टीकाकरण का शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने को कहा है। साथ ही मास्क लगाने, सोशल डिस्टेंसिंग और समय-समय पर हाथ धोने की आदतों के पालन के लिए कलेक्टरों को व्यापक प्रचार-प्रसार करने को कहा है।