रायपुर। मुख्‍यमंत्री भूपेश बघेल ने भारतीय जनता पार्टी को लेकर एक बार फिर हमला किया है। दरअसल एक इंटरव्यू में सीएम भूपेश ने कहा कि कांग्रेस में जो कुछ होता है, वो सबके सामने है। लेकिन उत्तराखंड में चार महीने में तीन सीएम बदल दिए गए, ऐसा कांग्रेस में नहीं होता। उन्होंने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि बीजेपी में किसी को बोलने की आजादी नहीं है, पार्टी के अंदर ही नहीं, अब तो देश में कोई सवाल उठाए तो उसकी बोलती बंद करने के लिए पूरी ताकत लगा दी जाती है।

वहीं उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर सीएम ने कहा कि यूपी में हम 32 साल से सत्ता में नहीं हैं, इससे संगठन चरमरा गया था। लेकिन प्रियंका गांधी की लगातार सक्रियता की वजह से संगठन का ढांचा खड़ा हुआ है। यूपी में कांग्रेस किसी का वोट नहीं काट रही, बल्कि अपने बिखरे वोट इकट्ठे कर रही है। यूपी चुनाव के नतीजे चौंकाने वाले होंगे।

जनता संकट में थी और अखिलेश बंगले में- सीएम

सीएम बघेल ने कहा कि अखिलेश भले आदमी हो सकते हैं, लेकिन साढ़े चार साल वो घर से बाहर नहीं निकले। यूपी में जनता जब संकट में थी, तब अखिलेश यादव अपने बंगले में थे।