• मुख्यमंत्री ने लगातार दो दिन राइस मिलर्स के साथ की थी धान खरीदी की तैयारियों की समीक्षा
  • मुख्य सचिव सहित वरिष्ठ अधिकारी कर रहे हैं धान खरीदी और कस्टम मिलिंग की सतत् निगरानी

रायपुर। छत्तीसगढ़ में किसानों से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की शुरुआत के साथ ही समितियों से धान का उठाव भी शुरु हो गया है। इसी के साथ बिलासपुर, रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव और रायगढ़ जिलों में समितियों से धान का उठाव भी शुरु हो गया है।

बता दें कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अधिकारियों को निर्देश दिए थे कि समितियों में धान जाम न हो और खरीदी के साथ धान के उठाव का काम भी शुरु किया जाए। उन्होंने किसानों की सहूलियत के लिए धान खरीदी केन्द्रों में सभी व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित रुप से संचालित करने के लिए मुख्य सचिव सहित वरिष्ठ अधिकारियों को धान खरीदी की व्यवस्था की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए थे।

खरीदी केंद्र से धान का उठाव शुरू

राइस मिलरों से भी सहयोग की अपील

सीएम ने लगातार दो दिन छत्तीसगढ़ प्रदेश राइस मिलर्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों और खाद्य विभाग के अधिकारियों की संयुक्त बैठक ली थी। जिसमें राज्य में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी और धान की कस्टम मिलिंग की तैयारियों की समीक्षा की गई थी। उन्होंने राइस मिलरों से समितियों से धान का उठाव और मिलिंग कार्य में तेजी लाने के साथ बारदानों की आपूर्ति पर राइस मिलर्स को भी विशेष ध्यान रखने को कहा था।

सुचारू रूप से हो धान खरीदी- सीएम

सीएम की पहल पर धान का उठाव पहली बार खरीदी शुरु होने के तीन दिनों के भीतर ही शुरु हो गया है। अधिकारियों को ये भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं कि उठाव के बाद धान कस्टम मिलिंग के लिए राइस मिलों में जाए न कि संग्रहण केन्द्रों में, जिससे धान की खरीदी का काम सुचारु रुप से चलता रहे।