रायपुर। छत्तीसगढ़ में भारतीय प्रशासनिक सेवा के एक अधिकारी ने नौकरी छोड़ने की पेशकश कर दी है। बताया जा रहा है योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग के उप सचिव अमृत विकास टोपनो ने मुख्य सचिव को अपना इस्तीफा भेजा है। टोपनो को पिछले सप्ताह ही नागरिक आपूर्ति निगम के महाप्रबंधक पद से हटाकर योजना विभाग में भेजा गया था।

मूल रूप से झारखंड के रहने वाले अमृत विकास टोपनो 2014 बैच के IAS अधिकारी हैं। वे नागरिक आपूर्ति निगम में महाप्रबंधक थे। सरकार ने 27 नवम्बर को एक आदेश जारी कर उन्हें नागरिक आपूर्ति निगम (NAN) से हटा दिया। उन्हें योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग में उप सचिव की जिम्मेदारी दी गई। फ़िलहाल सरकार ने अभी अफसर का इस्तीफा मंजूर नहीं किया है। इस इस्तीफे का कारण फ़िलहाल अभी पता नहीं चला है।

अब तक 3 IAS अफसर ने दिया इस्तीफा

इससे पहले भी राज्य बनने के बाद अभी तक तीन IAS अफसर नौकरी छोड़ चुके हैं। सबसे पहले 1994 बैच के IAS राजकमल ने इस्तीफा दिया। उन्होंने एक निजी कंपनी में काम शुरू किया। बाद में 1988 बैच के शैलेष पाठक भी निजी कंपनी में नौकरी के लिए IAS की नौकरी छोड़ गए , वही 2018 विधानसभा चुनाव से पहले 2005 बैच के अफसर ओपी चौधरी ने इस्तीफा दे दिया।