रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आज राज्य स्तरीय प्रगतिशील कृषक सम्मेलन में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री सम्मेलन को दोपहर 2 बजे संबोधित करेंगे और राज्य स्तर पर कृषि एवं संबद्ध क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले उन्नत एवं प्रगतिशील कृषकों, स्व-सहायता समूहों और संस्थाओं को सम्मानित करेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री के साथ सच्ची बात का कार्यक्रम होगा।

सम्मेलन की शुरुआत में दोपहर 1.30 बजे से किसान चौपाल का आयोजन होगा। सम्मेलन में दोपहर 3 बजे से मेड इन छत्तीसगढ़: मेड ऑफ इंडिया पर विचार-विमर्श में कृषि उत्पादन आयुक्त डॉ. कमलप्रीत सिंह, मुख्यमंत्री के सलाहकार प्रदीप शर्मा और वेकूल के को-फाउंडर कार्तिक जयरामन हिस्सा लेंगे। इसके बाद दोपहर 3.30 बजे से कृषि सुधार: इसे सही तरीके से करना विषय पर सम्मानित होने वाले किसान अपने अनुभव साझा करेंगे।

मुख्यमंत्री द्वारा समारोह में मोस्ट इनोवेटिव एप वर्ग के ई-हाट में इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय रायपुर के कुलपति डॉ. एस.एस. सेंगर, डॉ. आर.आर. सक्सेना और वैज्ञानिक अभिजीत कौशिक को सम्मानित किया जाएगा। इसके साथ ही बेस्ट फार्मिंग प्रोड्यूस वर्ग में धमतरी जिले के विकासखंड कुरूद के ग्राम धुमा के किसान लीलाराम साहू, बेस्ट ऑर्गेनिक फार्मर वर्ग में बेमेतरा जिले के विकासखण्ड बेरला के ग्राम खुड़मुड़ा के किसान खेदु राम बंजारे, बेस्ट एग्रीकल्चर रिसर्च वर्ग में कृषि विज्ञान केन्द्र कोरिया – निदेशक विस्तार सेवाएं इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय डॉ. आर.के. बाजपेयी, कृषि वैज्ञानिक बेमेतरा डॉ. आर.एस. राजपूत और कृषि वैज्ञानिक कोरिया केशवचंद राजहंस को सम्मानित किया जाएगा।

स्व-सहायता समूहों और संस्थाओं को करेंगे सम्मानित

इसी प्रकार बेस्ट डेयरी फार्मिंग वर्ग में राजनांदगांव जिले के विकासखंड छुईखदान के ग्राम नर्मदा (चकनार) की वहिदा बेगम, बेस्ट पोल्ट्री फार्मिंग वर्ग में सुकमा जिले के ग्राम गोठान रामापुरम की गायत्री महिला स्व-सहायता समूह, बेस्ट फॉरेस्ट प्रोड्यूस वर्ग में कोरबा जिले की सरोज पटेल हरिबोल स्व-सहायता समूह डोंगानाला, बेस्ट वाटर कंजरवेशन एफर्ट वर्ग में कोण्डागांव जिले के विकासखंड बड़ेराजपुर के ग्राम मंडोकी खरगांव के विजय मंडावी, बेस्ट मेन्यूर प्रोडक्शन वर्ग में रायगढ़ जिले के बरमकेला की स्व-सहायता समूह हिर्री और बेस्ट मार्केटिंग ऑफ प्रोड्यूस वर्ग में बस्तर जिले के भुमगादी महिला कृषक उत्पादक कंपनी हरिहर, बस्तर बाजार, जगदलपुर को सम्मानित किया जाएगा।