राज्य में 8.59 लाख किसानों से 31.14 लाख टन धान खरीदी
रायपुर। राज्य में एक दिसम्बर से शुरू हुए धान खरीदी को 13 दिन हो गए। 17 दिसंबर तक 8 लाख 59 हजार 063 किसानों से 31 लाख 14 हजार 113 मीटरिक टन धान की समर्थन मूल्य पर खरीदी की गई है। यानि छत्तीसगढ़ में औसतन प्रतिदिन 2 लाख 39 हजार टन से अधिक धान की खरीदी किसानों से 2482 धान उपार्जन केन्द्रों के माध्यम से धान खरीदी की जा रही है। प्रतिदिन धान बेचने वाले किसानों का औसत देखा जाए तो लगभग 66 हजार से अधिक किसान है। राज्य सरकार द्वारा धान खरीदी के अनुमानित लक्ष्य 105 लाख मीटरिक टन के विरूद्ध प्रदेश में अब तक 29.66 प्रतिशत धान की खरीदी हो चुकी है।

मुख्यमंत्री बघेल की पहल पर इस वर्ष धान खरीदी के साथ-साथ कस्टम मिलिंग के लिए धान का उठाव भी तेजी से हो रहा है। अब तक 9 लाख 74 हजार 829 मीटरिक टन का डीओ जारी कर दिया गया है। उपार्जन केन्द्रों से मिलर्स द्वारा 6,11,965 मीटरिक धान का उठाव कर लिया गया है।

राजनांदगांव पहले स्थान पर

धान खरीदी में राजनांदगांव जिला, प्रदेश में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के मामले में पहले स्थान पर है। राजनांदगांव जिले में 3,00,781 मीटरिक टन से अधिक धान की खरीदी हो चुकी है। बेमेतरा जिला धान खरीदी के मामले में आज राज्य में दूसरे क्रम पर है। बेमेतरा जिला में 2,34,314 मीटरिक टन धान की खरीदी की गई है। अब तक की धान खरीदी में बलौदाबाजार जिला राज्य में तीसरे स्थान पर है। बलौदाबाजार जिला में 2,27,404 मीटिरिक टन से अधिक धान की खरीदी हुई है। धान खरीदी के मामले में अब तक 6 जिले क्रमश: राजनांदगांव, बेमेतरा, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, महासमुंद और बालोद ने दो लाख मीटरिक टन से अधिक धान खरीदी कर ली है।