रायपुर। प्रदेश में जहां चाकूबाजी की घटना थमने का नाम नहीं ले रही हैं, वहीं आए दिन जरा सी बात पर मारपीट के मामले सामने आ रहे है। बीते सोमवार को बिलासपुर के एक पेट्रोल पंप में बोतल में पेट्रोल देने से मना करने पर गुस्साए युवक ने पेट्रोल पंप कर्मियों पर डंडे बरसा दिए और पेट्रोल पंप में तोड़फोड़ भी की। ये पूरा मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक नेहरू चौक स्थित राजेश सर्विस स्टेशन में सोमवार की रात करीब 9.15 बजे एक युवक बोतल लेकर पेट्रोल खरीदने पहुंचा। इस दौरान कर्मचारियों ने उसे बोतल में पेट्रोल देने से मना कर दिया। जिसके बाद युवक डंडा लेकर आ गया और गुंडागर्दी करते हुए उत्पात मचाने लगा। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, तब पंप कर्मचारियों ने वहां लगे सीसीटीवी कैमरे दिखाए। पुलिस ने फुटेज की जांच की, जिसमें युवक सरेराह गुंडागर्दी करते नजर आ रहा था।

सीसीटीवी फुटेज के आधार पर युवक गिरफ्तार

शहर के मुख्य चौराहे पर युवक द्वारा दबंगई दिखाने की इस घटना की सूचना कर्मियों ने पुलिस को दी। जिसके बाद जैसे ही पुलिस मौके पर पहुंची युवक वहां से भाग निकला था। मामले की शिकायत और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने चाटापारा निवासी लवी यादव को पकड़ लिया है।