रायपुर। देश भर में 3 जनवरी से 15 से 18 साल के बच्चों का वैक्सीनेशन किया जाना है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने टीकाकरण के लिए गाइडलाइन भी भेज दी है। 1 जनवरी से कोविन एप (cowin app) पर बच्चों के वैक्सीनेशन के लिए रजिस्ट्रेशन शुरू हो जाएगा। जबकि 3 तारीख से रायपुर समेत एक साथ सभी जिलों में टीका लगना शुरू हो जाएगा।

एनएचएम डायरेक्टर डॉ. प्रियंका शुक्ला के मुताबिक 10 जनवरी से हेल्थ, फ्रंट लाइन और गंभीर बीमारियों से पीड़ित सीनियर सिटीजन्स का वैक्सीनेशन भी शुरू हो जाएगा। इस वर्ग में ऐसे लोग जिनको दूसरी खुराक लिए 9 महीने या 39 हफ्ते पूरे हो गए हैं, वो तीसरे डोज के पात्र रहेंगे। वहीं बच्चों को अभी केवल कोवैक्सीन टीका ही लगाया जाएगा।

ये भी पढ़ें: भारत में ओमिक्रॉन के मरीजों की संख्या कुल 358, महाराष्ट्र के बाद राजधानी में सबसे ज्यादा मरीज

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की गाइडलाइन

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के रीजनल डायरेक्टर डॉ. केएम कांबले के मुताबिक वैक्सीनेशन के लिए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने जो गाइडलाइन तैयार की है उसमें गंभीर बीमारियों से पीड़ित बुजुर्गों की श्रेणी में हार्ट, डायबिटीज, ब्लड प्रेशर, बोन मैरो ट्रांसप्लांटेशन, किडनी, हीमोडायलिसिस, कैंसर, सिकलसेल, एचआईवी और दूसरी गंभीर बीमारियों वाले सीनियर सीटीजन को तीसरा डोज लगाया जाएगा। बता दें कि प्रदेश में गंभीर बीमारियों से पीड़ित 60 साल से ज्यादा उम्र के लोगों की संख्या 5.16 लाख से ज्यादा है। इन्हें 10 जनवरी से वैक्सीन लगाई जाएगी।

फिर बढ़ने लगे पॉजिटिव केस

प्रदेश में अब फिर से कोरोना के मामले सामने आने लगे हैं। बीते सोमवार को प्रदेश भर में कोरोना के 49 नए मामले सामने आए हैं। ये दिसंबर महीने में एक दिन के भीतर कोरोना मरीजों की सर्वाधिक संख्या है। लेकिन मंगलवार को सामने आए आंकड़े ने इसे भी पार कर दिया है। संक्रमण की इस बढ़ी दर ने ओमिक्रॉन वैरिएंट की मौजूदगी की आशंका बढ़ा दी है। स्वास्थ्य विभाग अब सभी पॉजिटिव नमूनों को जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए भुवनेश्वर भेजने जा रहा है। इन सबके बीच स्थिति फिलहाल कंट्रोल में है। प्रदेश में पॉजिटिवीटी दर 0.30 है। राहत की बात ये है कि जितने भी मरीजों की पहचान छत्तीसगढ़ में हो रही है, उनमें ओमिक्रॉन के एक भी मामले नहीं हैं।

ये भी पढ़ें: छत्तीसगढ़ में भी गहराया ओमिक्रॉन संकट , विदेश से लौटे लोग मिले कोरोना पॉजिटिव

मंगलवार के आंकड़े

28 दिसंबर (मंगलवार) को प्रदेश में 69 नए कोरोना पॉजिटिव मरीजों की पहचान हुई है। वहीं 19 मरीज स्वस्थ होने के बाद डिस्चार्ज/रिकवर्ड हुए हैं। मंगलवार को हुए 22 हजार 699 सैंपलों की जांच में 69 लोगों संक्रमित पाए गए हैं। इसके साथ ही मंगलवार को प्रदेश में पॉजिटिविटी रेट 0.30 रहा। वहीं सबसे ज्यादा संक्रमित मामलों वाले जिलों की बात करें तो रायगढ़ और जांजागीर-चांपा जिले में 14-14 मामले मंगलवार को सामने आए हैं। इसके बाद रायपुर में 13 पॉजिटिव मरीजों की पहचान हुई है।

स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी आंकड़े

रायगढ़ में सबसे ज्यादा मामले

प्रदेश में सोमवार को जो नए मामले सामने आए हैं, उनमें से 15 अकेले रायगढ़ जिले से मिले हैं। इसमें नवोदय स्कूल का एक स्टूडेंट और स्कूल के ही दो कर्मचारी भी शामिल हैं। दो दिन पहले भी यहां 13 बच्चे कोरोना पॉजिटिव पाए जा चुके थे। रायगढ़ में कोरोना पॉजिटिव मामलों की संख्या भी प्रदेश में सबसे ज्यादा है। वहीं रायपुर में भी 4 बच्चे कोरोना संक्रमित हो चुके हैं। कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग से सामने आया है कि पॉजिटिव पाए गए बच्चों के परिजन पहले से ही संक्रमित थे। वहां से संक्रमण बच्चों तक पहुंचा। बड़ी संख्या में बच्चों के संक्रमित मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप की स्थिति है। वहीं मंगलवार को राजधानी में 13 नए मामले सामने आए हैं।

ये भी पढ़ें: नया वेरिएंट ओमिक्रॉन को देखते हुए, समस्त शैक्षणिक संस्थानों को बंद रखने की मांग- विकास उपाध्याय

इन जिलों में एक भी केस नहीं

  • मंगलवार को छत्तीसगढ़ के 19 जिलों में कोरोना का एक भी केस सामने नहीं आया है। इनमें-
  • राजनांदगांव
  • बालोद
  • बेमेतरा
  • कबीरधाम
  • धमतरी
  • महासमुंद
  • गरियाबंद
  • कोरबा
  • मुंगेली
  • गौरेला-पेंड्रा-मरवाही
  • सरगुजा
  • कोरिया
  • बलरामपुर
  • कोंडागांव
  • दंतेवाड़ा
  • सुकमा
  • कांकेर
  • नारायणपुर
  • बीजापुर जिले में एक भी कोरोना मरीज की पहचान नहीं हुई है। वहीं बलौदाबाजार और बस्तर में 1-1, सूरजपुर में 04, जशपुर से 05 कोरोना संक्रमित मामलों की पहचान की गई है।