रायपुर। प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर द्वारा कांग्रेस की भूपेश बघेल सरकार के बारे में अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने पर कड़ी चेतावनी देते हुए कहा है कि वे खुद को काबू में रखें, पुरंदेश्वरी न बनें, ईंट का जवाब जनता पत्थर से देगी। अजय चंद्राकर के बोल साबित कर रहे हैं कि भाजपा की संस्कृति जनता की लोकप्रिय सरकार को गाली देना ही है। चंद्राकर को जो शिक्षा मिली है, वही वे अपने कार्यकर्ताओं को बांट रहे हैं।
प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि बालोद में कार्यकर्ता प्रशिक्षण कार्यक्रम में चंद्राकर ने भाजपा कार्यकर्ताओं को गाली अभद्रता करना सिखाया। यही भाजपा के संस्कार हैं, जिन्हें भाजपा नेता अपने कार्यकर्ताओं को दे रहे हैं। एक तरफ भाजपा चुनाव के समय कार्यकर्ताओं को देव दुर्लभ बताते हुए उनका मानसिक शोषण करते हैं फिर दूध में गिरी मक्खी समझते हैं और चुनाव की तैयारियों के लिए गरियाने का प्रशिक्षण देते हैं।
प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि भाजपा में ऊपर से नीचे तक सारे नेता निम्नतर मानसिकता का प्रदर्शन कर रहे हैं। पीएम मोदी ने उन्हें यही प्रबोधन दे रखा है कि बेलगाम होकर घटिया से घटिया भाषा का इस्तेमाल करते हुए अपना चरित्र दिखाएं। भाजपा की छत्तीसगढ़ प्रदेश प्रभारी डी. पुरंदेश्वरी ने कहा था कि थूक देंगे तो मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और उनका पूरा मंत्रिमंडल बह जायेगा। सूरज की तरफ देखकर थूकने से क्या होता है, यह पुरंदेश्वरी को नगरीय निकाय चुनाव में समझ में आ गया होगा। अब अजय चंद्राकर गाली गलौज कर रहे हैं तो जान लें कि उनका प्रशिक्षण भाजपा को कितना महंगा पड़ेगा।
प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि अजय चंद्राकर चोर, डकैत कहते समय यह भूल गए कि यह भाजपा की घोटालेबाज सरकार नहीं है और वे अपनी पार्टी के समय की दलीलें दे बैठे। दरअसल उन्होंने जो कुछ भी कहा है वह भाजपा सरकार का आत्मावलोकन ही है और भाजपा की उस केंद्र सरकार पर लागू होता है जो देश की अनमोल धरोहरों और संपत्ति को अपने कारोबारी मित्रों के हवाले कर रही है।
प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि भाजपा के नेता यह जान लें कि अब छत्तीसगढ़ में किसानों, मजदूरों सहित जनता के हर वर्ग की दिल से एकतरफा चुनी हुई कांग्रेस सरकार है। माफिया, चोर, डकैत, घोटालेबाजों को तो जनता पिछले विधानसभा चुनाव में ही साफ कर चुकी है। जो थोड़ी कसर बाकी रह गई, जनता उसे अगली बार पूरा करने के लिए तैयार है।
jai sir is a dedicated news blogger at The Hind Press, known for his sharp insights and fact-based reporting. With a passion for current affairs and investigative journalism, he covers national, international, sports, science, headlines, political developments, environment, and social issues with clarity and integrity.
