रायपुर। प्रदेश में होली त्यौहार के अवसर पर इस साल राजधानी रायपुर में रिकार्ड तोड़ शराब की बिक्री हुई है। मदिरा प्रेमियों ने सिर्फ रायपुर में 18 करोड़ की शराब पी है। बताया जा रहा है कि राजधानी में पिछले 10 वर्षों का रिकार्ड टूटा है। इस बार होली के तीन दिवस पूर्व जमकर शराब बिक्री हुई है।

दरअसल इस वर्ष होली में रायपुर जिलेभर में 3 दिन में 18 करोड़ रूपये की शराब बिक्री हुई है। जिसमें सबसे ज्यादा देशी शराब शामिल है। वहीं विभाग के अधिकारियों ने रायपुर जिले में 12 करोड़ रुपए के शराब बिक्री की उम्मीद की थी, लेकिन विभाग की उम्मीदों के विपरीत शराब की जमकर बिक्री हुई है। इसके अलावा महंगे ब्रांड की शराब पीने वालों के लिए अलग से प्रीमियम शराब दुकानें भी खोली गई, इसका असर भी शराब बिक्री पर पड़ा।

इस बीच आबकारी मंत्री कवासी लखमा ने कहा हमारी शराब नीति हिंदुस्तान में अच्छी नीति, जिस वजह से झारखंड ने इस नीति को अपनाया, मध्य प्रदेश सरकार लगातार इस नीति के बारे में पूछ रही और अच्छी चीजों से किसी के पेट दर्द नहीं होना चाहिए। शराब का पैसा जनता के विकास, पेंशन और नौकरी में काम आएगा, इसलिए ये अच्छा काम है।