छत्तीसगढ़ के आदिवासी बहुल बस्तर अंचल के लिए 7 फरवरी का दिन ऐतिहासिक बनने जा रहा है। भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू इस दिन जगदलपुर के लालबाग मैदान में आयोजित बस्तर पंडुम के संभाग स्तरीय कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगी।

राष्ट्रपति के आगमन को लेकर जगदलपुर में प्रशासनिक तैयारियां तेज कर दी गई हैं। लालबाग मैदान में मंच निर्माण, दर्शकों के लिए बैठक व्यवस्था, पेयजल सुविधा, बिजली आपूर्ति और स्वच्छता व्यवस्था पर विशेष फोकस किया जा रहा है। जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी लगातार स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा कर रहे हैं, ताकि कार्यक्रम सुचारू रूप से संपन्न हो सके।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी व्यापक इंतजाम किए गए हैं। राष्ट्रपति के दौरे को ध्यान में रखते हुए पुलिस और प्रशासन की अलग-अलग टीमें तैनात की गई हैं। कार्यक्रम स्थल पर बैरिकेडिंग, मीडिया गैलरी, पार्किंग और वीवीआईपी आवागमन के लिए अलग-अलग व्यवस्थाएं की गई हैं। इसके साथ ही आसपास के क्षेत्रों में सतत निगरानी रखी जा रही है।

बस्तर क्षेत्र के लिए राष्ट्रपति का यह दौरा सामाजिक, सांस्कृतिक और प्रशासनिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इससे पहले वर्ष 2018 में तत्कालीन राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का दंतेवाड़ा दौरा भी क्षेत्र के लिए खास रहा था। राष्ट्रपति की उपस्थिति से बस्तर पंडुम को राष्ट्रीय पहचान मिलने की उम्मीद की जा रही है।