छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में 7 फरवरी को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के प्रस्तावित दौरे को लेकर शासन-प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। इस दौरान शहर में सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त कर दिया गया है, वहीं बाहर से आने वाले सभी वाहनों की लगातार जांच की जा रही है। बस्तर पंडुम के तहत राष्ट्रपति के ऐतिहासिक प्रवास और कार्यक्रम के शुभारंभ को लेकर जिले में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
हाई-प्रोफाइल दौरे को देखते हुए जिला प्रशासन और जगदलपुर पुलिस ने लालबाग स्थित कार्यक्रम स्थल और उसके आसपास व्यापक ट्रैफिक एवं पार्किंग प्लान लागू किया है। इसका उद्देश्य वीवीआईपी मूवमेंट को सुरक्षित बनाए रखने के साथ-साथ आम नागरिकों को भी सुगम आवागमन की सुविधा देना है।
सुरक्षा के अनुसार तय किए गए पार्किंग जोन
प्रशासन की ओर से जारी गाइडलाइन के अनुसार पार्किंग व्यवस्था को अलग-अलग श्रेणियों में विभाजित किया गया है। राष्ट्रपति के काफिले के लिए लालबाग ग्राउंड (पी-1) को वीवीआईपी पार्किंग घोषित किया गया है। वहीं, मुख्य मंच पर उपस्थित राजदूतों और विशिष्ट अतिथियों के वाहनों के लिए लालबाग पीटीएस ग्राउंड (वीआईपी-1) निर्धारित किया गया है।
मीडिया प्रतिनिधियों और कार पास धारकों के लिए क्यूरो इंडिया स्कूल के पीछे का मैदान तथा सनसिटी कॉलोनी क्षेत्र (वीआईपी-2) में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों के वाहन कोऑर्डिनेशन सेंटर और अमर वाटिका में पार्क किए जाएंगे।
आम नागरिकों के लिए सुव्यवस्थित पार्किंग
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने आम जनता के लिए भी अलग पार्किंग जोन बनाए हैं। रायपुर, भानपुरी, बस्तर, बकावंड और नगरनार मार्ग, साथ ही लोहण्डीगुड़ा, गीदम और सुकमा की दिशा से आने वाले वाहनों को कुम्हड़ाकोट गणपति रिसोर्ट के सामने तथा रिलायंस पेट्रोल पंप के पास के मैदान (पी-7 से पी-9) में पार्क किया जाएगा।
भीड़ अधिक होने की स्थिति में कृषि उपज मंडी और हाटा ग्राउंड को वैकल्पिक यानी रिजर्व पार्किंग के रूप में तैयार रखा गया है।
ट्रैफिक को लेकर जरूरी सूचना
यातायात विभाग ने स्पष्ट किया है कि सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत लालबाग–सनसिटी मार्ग से आमागुड़ा चौक पार्किंग की ओर जाने की अनुमति वीवीआईपी आगमन से केवल दो घंटे पहले तक ही दी जाएगी। इसके बाद आने वाले लोगों को मुख्य मार्ग से प्रवेश नहीं मिलेगा।
ऐसे नागरिकों को चांदनी चौक और नयामुंडा होते हुए बोधघाट थाना के पीछे से हाटकचोरा मार्ग का उपयोग कर आमागुड़ा पार्किंग स्थल तक पहुंचना होगा। जिला प्रशासन ने नागरिकों से ट्रैफिक नियमों का पालन करने और समय से पहले कार्यक्रम स्थल पहुंचने की अपील की है।
