राजधानी रायपुर के भनपुरी औद्योगिक क्षेत्र में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक तार निर्माण फैक्ट्री में अचानक भीषण आग भड़क उठी। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आसमान में उठता काले धुएं का गुबार कई किलोमीटर दूर से नजर आने लगा।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग लगते ही कुछ ही मिनटों में फैक्ट्री का बड़ा हिस्सा इसकी चपेट में आ गया। देखते ही देखते पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई।
घटना की जानकारी मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया। हालात को देखते हुए पुलिस बल को भी तैनात किया गया है, ताकि सुरक्षा व्यवस्था बनी रहे। प्रशासन ने एहतियातन आसपास के क्षेत्रों को अलर्ट कर दिया है।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। हालांकि आग की गंभीरता को देखते हुए दमकल कर्मियों को उस पर काबू पाने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही है। प्रशासन लगातार स्थिति की निगरानी कर रहा है।
इसी बीच फैक्ट्री में लगी आग का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें आग की भयावह लपटें और घना धुआं साफ दिखाई दे रहा है। आग पर पूरी तरह नियंत्रण के बाद ही नुकसान का आकलन किया जाएगा।
