जांजगीर-चाम्पा जिले के तागा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की रग्बी टीम इन दिनों अपनी शानदार उपलब्धियों को लेकर चर्चा में है। यहां पदस्थ व्यायाम शिक्षक चंद्रशेखर महतो के मार्गदर्शन में विद्यार्थी सीमित संसाधनों के बावजूद राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर बेहतरीन प्रदर्शन कर रहे हैं।
स्कूल में रग्बी के लिए पर्याप्त मैदान और उपकरण नहीं हैं, लेकिन इसके बावजूद खिलाड़ियों की लगन और कोच का समर्पण उन्हें लगातार आगे बढ़ा रहा है।
प्रशिक्षक महतो बताते हैं कि अब तक लगभग 80 खिलाड़ी राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में भाग ले चुके हैं, जबकि 22 खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर तक पहुंच चुके हैं।
महासमुंद में आयोजित राज्य स्तरीय शालेय रग्बी प्रतियोगिता में जिले की टीम ने बालक और बालिका दोनों वर्गों में स्वर्ण पदक जीता। वहीं नागपुर में आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में टीम ने गोल्ड मेडल हासिल कर नया इतिहास रचा।
अंडर-14 और अंडर-17 वर्ग में भी जिले के कई खिलाड़ी आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने वाले हैं।
संसाधनों की कमी के बावजूद कोच महतो रोज सुबह और शाम खिलाड़ियों को प्रशिक्षण देते हैं। एक समय में मैदान में सात खिलाड़ी खेलते हैं, जबकि बाकी खिलाड़ी अपनी बारी का इंतजार करते हुए अभ्यास करते हैं।
उनका कहना है कि यदि खेल सुविधाएं बेहतर हो जाएं तो यहां के खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी शानदार प्रदर्शन कर सकते हैं।
