छत्तीसगढ़ में चर्चित नव्या मलिक ड्रग प्रकरण को लेकर प्रदेश के गृहमंत्री विजय शर्मा ने कांग्रेस और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के कार्यकाल पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि इस मामले में कई तथ्य सामने आ रहे हैं, जिनकी जांच आवश्यक है।

गृहमंत्री ने बताया कि नव्या मलिक को 30 अगस्त 2025 को मुंबई से गिरफ्तार किया गया था। इस मामले में रायपुर के सिविल लाइन थाना में अपराध क्रमांक 200/25 दर्ज किया गया था।

उन्होंने कहा कि इस प्रकरण में कई अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया है, जिनमें विश्नोई, दीप धनेरिया, मोनू, हर शाहूजा, अयाज परवेज और सोहेल खान के नाम शामिल हैं।

विजय शर्मा ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी नव्या मलिक पूर्व सरकार के कार्यकाल के दौरान कई बार विदेश यात्रा पर गई थी। उनके अनुसार उपलब्ध जानकारी के आधार पर वह सात बार चीन गई थी, जबकि तुर्की और थाईलैंड की यात्रा भी कर चुकी है।

गृहमंत्री ने कहा कि यह जांच का विषय है कि उस समय इन यात्राओं का उद्देश्य क्या था और इस मामले में पहले कार्रवाई क्यों नहीं हुई।

उन्होंने स्पष्ट किया कि वर्तमान राज्य सरकार प्रदेश में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ व्यापक अभियान चला रही है। नशे के नेटवर्क से जुड़े किसी भी व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।