बिलासपुर के पूर्व जिला शिक्षाधिकारी और वर्तमान में समग्र शिक्षा विभाग, रायपुर में उप संचालक आरएन हीराधर के खिलाफ एसीबी ने एक मामला दर्ज किया है। हीराधर पर आरोप है कि उन्होंने जमीन, मकान, महंगी गाड़ियां, कई बैंक खातों में रकम, दो दर्जन से ज्यादा फिक्स डिपॉजिट, बीमा पॉलिसी समेत करोड़ों की संपत्ति जुटाई है।

बिलासपुर में कई सालों तक जिला शिक्षा अधिकारी रहे हीराधर के खिलाफ कुछ साल पहले एंटी करप्शन ब्यूरो में शिकायत की गई थी। इसमें बताया गया था कि शिक्षा विभाग में विभिन्न जिलों में रहने के दौरान उन्होंने पद का दुरुपयोग करते हुए मनमानी कमाई की और कई जगह चल-अचल संपत्ति जुटाई।

शहर में कई स्क्वैयर फीट जमीन

शिकायतकर्ता ने एसीबी को बताया था कि हीराधर ने बिलासपुर के विजयापुरम कॉलोनी में पत्नी भुवेनश्वरी के नाम पर 2507 स्क्वैयर फीट का प्लॉट है, जिसमें दो मंजिला मकान बना है। जमीन की कीमत करीब 48 लाख रुपए और मकान की कीमत करीब 1 करोड़ रुपए बताई गई। इसके अलावा मोपका में बेटे रुबेल के नाम पर करीब 50 लाख रुपए की 4820 स्क्वैयर फीट जमीन, विजयापुरम में बेटे राहुल के नाम पर 2507 स्क्वायर फीट जमीन, चांटीडीह में खुद के नाम पर 3600 स्क्वायर फीट जमीन, जिस पर तीन मंजिला मकान बना हुआ है। इसके साथ ही कांकेर के चारामा में कृषि भूमि होने के दस्तावेज भी शिकायत के साथ भेजे गए थे।

पत्नी और बच्चों के नाम पर एफडी

बिलासपुर के निजी व राष्ट्रीयकृत बैंकों में हीराधर के नाम पर 16 फिक्स डिपॉजिट, पत्नी व दोनों बेटों के नाम पर 10 फिक्स डिपॉजिट के साथ खुद, पत्नी व बेटों के नाम पर बीमा पॉलिसी ली गई हैं। साथ ही एसबीआई मेन ब्रांच और सरकंडा ब्रांच में एकाउंट हैं।

पत्नी और बेटे के नाम पर कार

शिकायत में कहा गया है कि बेटे राहुल के नाम पर ब्रेजा कार है, जिसकी कीमत करीब 10 लाख रुपए है। पत्नी भुवेनश्वरी के नाम पर डस्टर कार है, जिसकी कीमत करीब 14 लाख रुपए है। बेटे रुबेल के नाम पर इनफील्ड बुलेट बाइक है, जिसकी कीमत करीब दो लाख रुपए है।