आईसीसी ने अंडर-19 महिला टी20 विश्व कप 2027 का कार्यक्रम जारी कर दिया है। टूर्नामेंट 21 जनवरी से बांग्लादेश और नेपाल में आयोजित होगा। इसमें 16 टीमें खिताब के लिए प्रतिस्पर्धा करेंगी। चार मैदानों पर कुल 41 मुकाबले खेले जाएंगे। गत चैंपियन भारत अपने अभियान की शुरुआत 22 जनवरी को वेस्टइंडीज के खिलाफ करेगा। फाइनल मुकाबला 6 फरवरी को खेला जाएगा।
भारत का पहला मुकाबला वेस्टइंडीज से होगा
भारतीय टीम ग्रुप ए में नेपाल, आयरलैंड और वेस्टइंडीज के साथ शामिल है। भारत 22 जनवरी को वेस्टइंडीज के खिलाफ मैदान पर उतरेगा। इसके बाद 24 जनवरी को नेपाल से मुकाबला होगा। ग्रुप चरण में भारत का आखिरी मैच 26 जनवरी को आयरलैंड के खिलाफ निर्धारित है।
भारतीय टीम ने 2023 और 2025 में इस प्रतियोगिता का खिताब जीता था। अब टीम तीसरी बार ट्रॉफी जीतने के इरादे से उतरेगी। हालांकि, इसके लिए खिलाड़ियों को ग्रुप चरण और नॉकआउट मुकाबलों में अच्छा प्रदर्शन करना होगा।
बांग्लादेश और नेपाल के चार मैदानों पर होंगे मैच
इस टूर्नामेंट की मेजबानी बांग्लादेश और नेपाल संयुक्त रूप से करेंगे। बांग्लादेश में चट्टोग्राम और सिलहट में मुकाबले खेले जाएंगे। नेपाल में काठमांडू के दो मैदान मैचों की मेजबानी करेंगे।
- बांग्लादेश: बीर श्रेष्ठ शहीद फ्लाइट लेफ्टिनेंट मतीउर रहमान क्रिकेट स्टेडियम और सिलहट इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम।
- नेपाल: टीयू इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम और अपर मुलपानी इंटरनेशनल क्रिकेट ग्राउंड।
टूर्नामेंट के पहले दिन 21 जनवरी को चार मुकाबले खेले जाएंगे। बांग्लादेश की टीम यूएई से भिड़ेगी। ऑस्ट्रेलिया का सामना नाइजीरिया से होगा। वहीं, श्रीलंका और स्कॉटलैंड तथा इंग्लैंड और अमेरिका के बीच भी मैच होंगे।
चार ग्रुप में बांटी गईं 16 टीमें
प्रतियोगिता में शामिल टीमों को चार ग्रुप में रखा गया है। प्रत्येक ग्रुप में चार टीमें शामिल हैं। ग्रुप चरण के मुकाबले 26 जनवरी तक चलेंगे।
| ग्रुप | टीमें |
|---|---|
| ग्रुप ए | भारत, आयरलैंड, वेस्टइंडीज, नेपाल |
| ग्रुप बी | दक्षिण अफ्रीका, न्यूजीलैंड, पाकिस्तान, समोआ |
| ग्रुप सी | ऑस्ट्रेलिया, बांग्लादेश, नाइजीरिया, यूएई |
| ग्रुप डी | इंग्लैंड, श्रीलंका, अमेरिका, स्कॉटलैंड |
ग्रुप चरण के बाद क्वालिफाई करने वाली टीमें सुपर सिक्स चरण में पहुंचेंगी। इस दौर में टीमों को दो ग्रुप में बांटा जाएगा। दोनों ग्रुप की शीर्ष दो टीमें सेमीफाइनल में जगह बनाएंगी।
सेमीफाइनल 4 फरवरी और फाइनल 6 फरवरी को
सुपर सिक्स चरण के मुकाबले 27 जनवरी से 2 फरवरी तक खेले जाएंगे। इसके बाद 4 फरवरी को दोनों सेमीफाइनल मुकाबले चट्टोग्राम में होंगे। सेमीफाइनल के लिए 5 फरवरी को रिजर्व डे रखा गया है।
टूर्नामेंट का फाइनल 6 फरवरी को खेला जाएगा। इसके लिए 7 फरवरी को रिजर्व डे निर्धारित किया गया है। इस प्रतियोगिता से युवा महिला क्रिकेटरों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अनुभव हासिल करने का अवसर मिलेगा।
आईसीसी ने युवा खिलाड़ियों के विकास पर दिया जोर
आईसीसी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी संजोग गुप्ता ने प्रतियोगिता को महिला क्रिकेट के विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि यह टूर्नामेंट युवा खिलाड़ियों को अपने आयु वर्ग के उच्चतम स्तर पर खेलने का अवसर देता है। इससे उन्हें वैश्विक मंच पर अनुभव हासिल करने में मदद मिलती है।
उन्होंने यह भी कहा कि 16 टीमों की भागीदारी महिला क्रिकेट में प्रतिभा की बढ़ती गहराई को सामने लाएगी। आईसीसी ने मेजबान देशों के साथ मिलकर सफल आयोजन की तैयारी करने की बात कही है।
यह भी पढ़ें – एसबीआई के 3,897 ग्राहकों की निजी जानकारी डार्क वेब पर उजागर