अंतरराष्ट्रीय खेल मंच पर अपनी प्रतिभा और दृढ़ संकल्प का परिचय देने वाले छत्तीसगढ़ के दो खिलाड़ियों को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सम्मानित किया। एशियन पैरा गेम्स 2026 में शानदार प्रदर्शन करने वाले तोमन कुमार और अभिजीत सखूजा ने क्रमशः पैरा तीरंदाजी में स्वर्ण और पैरा बैडमिंटन में कांस्य पदक जीतकर प्रदेश को गौरवान्वित किया है।
मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में आयोजित सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री ने तोमन कुमार को 51 लाख रुपये और अभिजीत सखूजा को 31 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की। दोनों खिलाड़ियों को शाल और बस्तर कला का प्रतीक चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री अरुण साव भी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दोनों खिलाड़ियों का साहस, संघर्ष और संकल्प प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणा है। उनकी उपलब्धियां बताती हैं कि मजबूत इच्छाशक्ति और निरंतर मेहनत से कठिन से कठिन परिस्थितियों में भी सफलता हासिल की जा सकती है।
नक्सली हमले में पैर गंवाया, फिर भी तोमन कुमार ने हासिल किया स्वर्ण
बालोद जिले के नवागांव निवासी तोमन कुमार की सफलता की कहानी हर किसी को प्रेरित करती है। वे केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की कोबरा बटालियन में कार्यरत थे। वर्ष 2022 में झारखंड में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान हुए आईईडी विस्फोट में वे गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इस हादसे में उन्हें अपना बायां पैर गंवाना पड़ा।
इस कठिन परिस्थिति के बावजूद तोमन ने हिम्मत नहीं हारी। उन्होंने वर्ष 2023 में पैरा तीरंदाजी का अभ्यास शुरू किया। नियमित प्रशिक्षण, अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ते हुए उन्होंने एशियन पैरा गेम्स में स्वर्ण पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने तोमन के जज्बे की सराहना करते हुए कहा कि देश की सुरक्षा में योगदान देने वाले इस पूर्व जवान ने खेल के मैदान में भी असाधारण इच्छाशक्ति दिखाई है। उनका संघर्ष छत्तीसगढ़ के पैरा खिलाड़ी की पहचान को नई ऊंचाई देता है।
क्लब फुट की चुनौती के बावजूद अभिजीत ने जीता कांस्य पदक
बिलासपुर निवासी अभिजीत सखूजा ने पैरा बैडमिंटन में कांस्य पदक जीतकर प्रदेश का मान बढ़ाया है। अभिजीत बचपन से क्लब फुट की शारीरिक चुनौती का सामना कर रहे हैं, लेकिन उन्होंने कभी अपनी परिस्थितियों को सफलता की राह में बाधा नहीं बनने दिया।
उन्होंने पैरा बैडमिंटन को अपना लक्ष्य बनाया और लगातार अभ्यास के जरिए अपनी खेल प्रतिभा को निखारा। उनकी मेहनत और लगन का परिणाम एशियन पैरा गेम्स में मिले कांस्य पदक के रूप में सामने आया।
मुख्यमंत्री ने अभिजीत की उपलब्धि को युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताया। उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियों के बावजूद अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने वाले खिलाड़ी समाज के लिए प्रेरणा बनते हैं। साथ ही उन्होंने दोनों खिलाड़ियों के परिवारों को भी बधाई दी और उनकी भूमिका की सराहना की।
पैरा खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए मिलेगा सहयोग
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। राज्य सरकार का प्रयास है कि खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक सुविधाएं और आगे बढ़ने के लिए पर्याप्त अवसर मिलें। पैरा खिलाड़ियों को भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि तोमन कुमार और अभिजीत सखूजा को भविष्य की प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन के लिए हरसंभव सहयोग दिया जाएगा। खेल एवं युवा कल्याण विभाग की योजनाओं के अंतर्गत अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को आगामी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए तीन लाख रुपये तक की टीए-डीए सहायता भी प्रदान की जाती है।
छत्तीसगढ़ के पैरा खिलाड़ी देश और प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि दोनों खिलाड़ी आने वाले समय में भी अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर नए कीर्तिमान स्थापित करेंगे और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के साथ पैरालंपिक में भी देश के लिए पदक जीतेंगे।
खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित कर रही सरकार : अरुण साव
उप मुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री अरुण साव ने दोनों खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनकी उपलब्धियों को पूरे प्रदेश के लिए गर्व का विषय बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में खेल और खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए सकारात्मक वातावरण तैयार हुआ है।
अरुण साव ने प्रधानमंत्री के संदेश ‘जितना खेलेंगे, उतना ही खिलेंगे’ का उल्लेख करते हुए कहा कि इसी भावना के अनुरूप छत्तीसगढ़ सरकार भी खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक खेल सुविधाएं और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा दिखाने के अवसर उपलब्ध करा रही है।
कार्यक्रम में खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव यशवंत कुमार, संचालक खेल आकांक्षा शिक्षा खलखो और दोनों खिलाड़ियों के परिवारजन उपस्थित थे। तोमन कुमार और अभिजीत सखूजा की उपलब्धियां प्रदेश के अन्य खिलाड़ियों को भी आगे बढ़ने और अपने सपनों को पूरा करने की प्रेरणा देंगी।
यह भी पढ़ें: लोक भवन दीपावली उत्सव, राज्यपाल रमेन डेका ने किया सम्मानित