Bilaspur Rajyotsav, Arun Sao, Chhattisgarh Rajyotsav 2026,

छत्तीसगढ़ के स्थापना दिवस के अवसर पर बिलासपुर के पुलिस परेड मैदान में जिला स्तरीय राज्योत्सव का आयोजन किया गया। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए प्रदेशवासियों को राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि महिलाओं को सशक्त बनाने और युवाओं को हुनरमंद बनाने के प्रयासों से विकसित छत्तीसगढ़ का सपना साकार होगा।

इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार जनकल्याणकारी योजनाओं, बुनियादी सुविधाओं और रोजगार के अवसरों के विस्तार के लिए काम कर रही है।

अटल बिहारी वाजपेयी को किया नमन

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने छत्तीसगढ़ राज्य के निर्माता और पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि अटल जी ने छत्तीसगढ़वासियों की भावनाओं को समझते हुए अलग राज्य की सौगात दी थी। राज्य की समृद्ध प्राकृतिक, वन और खनिज संपदा को नई पहचान दिलाने में उनके योगदान को हमेशा याद किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि अटल जी के सपनों के अनुरूप समृद्ध और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण के लिए सरकार प्रयासरत है।

‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ है राज्योत्सव की थीम

इस वर्ष बिलासपुर राज्योत्सव की थीम ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ रखी गई। अरुण साव ने कहा कि महतारी वंदन योजना और बिहान के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है।

वहीं, युवाओं की शिक्षा और कौशल विकास के लिए नए संस्थान शुरू किए जा रहे हैं। फैशन डिजाइनिंग जैसे क्षेत्रों में भी रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ाए जा रहे हैं। प्रत्येक जिले में नालंदा परिसर विकसित करने की पहल से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।

खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए सुविधाओं का विस्तार

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए खेल सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। खेल अलंकरण सम्मान को फिर से शुरू किया गया है। पहली बार आयोजित छत्तीसगढ़ हॉकी लीग ने दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर दिया।

उन्होंने मैनपाट की टीम के खिलाड़ी मोहित के प्रदर्शन का उल्लेख किया और बहतराई खेल प्रशिक्षण केंद्र की दो बेटियों की उपलब्धियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रदेश के खिलाड़ी अलग-अलग मंचों पर छत्तीसगढ़ का नाम रोशन कर रहे हैं।

सड़क, उद्योग और रोजगार के अवसरों पर चर्चा

अरुण साव ने कहा कि सरकार विकास कार्यों को गति देने के साथ अधोसंरचना के विस्तार पर ध्यान दे रही है। बिलासपुर में कई सड़कों को स्वीकृति मिली है। प्रदेश की औद्योगिक नीति के कारण निवेशक भी छत्तीसगढ़ में निवेश के प्रति रुचि दिखा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि नक्सलवाद के विरुद्ध मिल रही सफलता से विकास के नए रास्ते खुल रहे हैं। सरकार का प्रयास है कि छत्तीसगढ़ अधिक खुशहाल और समृद्ध बने।

स्वाति दीदी का सम्मान, प्रदर्शनी स्टॉलों का किया अवलोकन

कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने व्यसनमुक्ति और समाजसेवा के क्षेत्र में योगदान के लिए स्वाति दीदी को सम्मानित किया। इसके साथ ही विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए विकास प्रदर्शनी स्टॉलों का निरीक्षण किया और योजनाओं, उपलब्धियों तथा नवाचारों की जानकारी ली।

महापौर पूजा विधानी ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होंने राज्य गठन के बाद प्रदेश में हुए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए विकसित छत्तीसगढ़ के लक्ष्य की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां

बिलासपुर राज्योत्सव में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कलाकारों की प्रस्तुतियों का दर्शकों ने देर रात तक आनंद लिया। समारोह में विधायक सुशांत शुक्ला, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, पाठ्यपुस्तक निगम अध्यक्ष राजा पाण्डेय, सहकारी बैंक अध्यक्ष रजनीश सिंह, संभागायुक्त सुनील जैन, पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग, कलेक्टर संजय अग्रवाल सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।





यह भी पढ़ें – रायपुर : खैरागढ़-छुईखदान-गंडई में राज्योत्सव का भव्य आयोजन, खाद्य मंत्री श्री बघेल मुख्य अतिथि के रूप में हुए शामिल