रायपुर। आज से शारदीय नवरात्रि की शुरुआत हो चुकी है। इस अवसर पर राज्यपाल, मुख्यमंत्री और मंत्रियों ने नवरात्रि की शुभकामनाएं दी है।

राज्यपाल अनुसुईया उइके ने शारदीय नवरात्रि के अवसर पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए लिखा है कि मां दुर्गा की आराधना एवं उपासना का यह पर्व प्रदेश के सभी नागरिकों के जीवन में सुख, शांति एवं समृद्धि लेकर आए। राज्यपाल ने प्रदेशवासियों को कहा कि इस कोरोना काल में शासन द्वारा दिए गए निर्देशों के अनुरूप त्यौहार मनाएं, अपने और अपने परिवार का ध्यान रखें।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी प्रदेशवासियों को देवी उपासना के पर्व नवरात्रि की बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। इस अवसर पर उन्होंने सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और खुशहाली की प्रार्थना की है। शारदीय नवरात्रि की पूर्व संध्या पर जारी अपने बधाई संदेश में उन्होंने कहा है कि नवरात्रि में 9 दिनों तक पूरी श्रद्धा और भक्ति-भाव के साथ श्रद्धालु शक्ति स्वरूपा देवी दुर्गा के नौ अलग-अलग रूपों की पूजा करते हैं।

गृहमंत्री ने भी दी शुभकामनाएं

गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू ने प्रदेशवासियों को नवरात्रि पर्व की बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने प्रदेशवासियों के जीवन में सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

संस्कृति मंत्री ने दी बधाई

संस्कृति मंत्री अमरजीत भगत ने देवी उपासना एवं नवरात्रि पर्व पर छत्तीसगढ़वासियों को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने नारी शक्ति के प्रतीक मां भवानी से प्रार्थना कर प्रदेशवासियों के जीवन में सुख, समृद्धि और खुशहाली की प्रार्थना की है।