रायपुर। छत्तीसगढ़ में अब शहरी लोगों से लेकर ग्रामीण और दूरदराज में रहने वालों को उनके खराब स्वास्थ्य के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा। किसी के सिर में दर्द हो या पेट में, सीने में जलन हो या और कोई तकलीफ, बस अपने मोबाईल से एक कॉल लगाने की जरुरत होगी। कॉल लगते ही विशेषज्ञ डॉक्टर सलाह देने के लिए उपलब्ध रहेंगे।

प्रदेश में 104 आरोग्य सेवा हेल्थ केयर हेल्पलाईन से ये सारा काम हो सकेगा। राज्य सरकार इस सेवा का विस्तार करने की तैयारी में है। राज्य में आरोग्य सेवा हेल्पलाईन डायल 104 की सुविधा साल 2013 में छोटे रूप में शुरु की गई थी। अब इस सेवा का विस्तार प्रदेश में इस तरह से करने की तैयारी है जिससे कि शहरी से लेकर ग्रामीण इलाकों के अंतिम छोर पर रहने वालों को अच्छी से अच्छी हेल्थकेयर सर्विस टेली कंसल्टेशन के जरिए मिल सके।

आंकड़े बढ़ाने की ओर सरकार

प्राप्त आंकड़ो के मुताबिक इस तरह की सेवा का लाभ उठाने के लिए रोजाना करीब 3000 लोग कॉल करते हैं। लेकिन सरकार की कोशिश है कि से संख्या कम से कम 6000 तक बढ़े और उनको इलाज के लिए मदद पहुंचाई जा सके।