रायपुर रेलवे स्टेशन में शनिवार सुबह एक बड़ी दुर्घटना हो गई। सीआरपीएफ की स्पेशल ट्रेन में विस्फोट हो गया। ब्लास्ट में हेड कांस्टेबल सहित 4 जवान घायल हुए हैं। हेड कांस्टेबल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि 3 जवानों को मामूली चोटें आई हैं। बताया जा रहा है कि हादसा सामान लोडिंग के दौरान हुआ। एक्सप्लोसिव बॉक्स ले जाते समय बॉक्स हाथ से छूट गया। जिससे ब्लास्ट हो गया।

रायपुर रेलवे स्टेशन में घायल हुए हेड कॉन्सटेबल अस्पताल में भर्ती

पुलिस के मुताबिक सुबह करीब साढ़े 6 बजे सीआरपीएफ जवानों से भरी ट्रेन प्लेटफार्म नंबर 2 पर खड़ी थी। इसमें जवानों की तीन कंपनियों की शिफ्टिंग हो रही थी। सामान लोडिंग करते समय विस्फोटक से भरा एक बॉक्स बोगी नंबर 9 के गेट के पास हाथ से छूट गया। जिसकी वजह से ब्लास्ट हो गया। हादसे में हेड कांस्टेबल सुशील चौहान, कांस्टेबल चवन विकास लक्ष्मण, रमेश लाल, रविंद्र कर और दिनेश कुमार पैकरा घायल हो गए।

हेड कांस्टेबल को आई गंभीर चोट

हेड कांस्टेबल विशाल चौहान को रायपुर के नारायणा हॉस्पिटल में एडमिट कराया गया है। सर्जन डॉ. नीरज पांडेय ने बताया कि चौहान की कमर, हाथ, पैर और सिर में चोट आई है। सिर में फ्रैक्चर हो गया है। उनका ऑपरेशन करना पड़ेगा। राहत की बात ये है कि उनकी स्थिति खतरे से बाहर है। बाकी 3 जवान फर्स्ट एड लेकर ट्रेन के साथ रवाना हो गए हैं।

जवानों को देखने पहुंचे डीआईजी

घायल जवान को देखने के लिए अस्पताल पहुंचे सीआरपीएफ के डीआईजी राजकुमार ने बताया कि ट्रांसपोर्टेशन के समय ब्लास्ट हुआ था। सभी जवान खतरे से बाहर हैं। ट्रेन नागपुर जा रही थी। कई बार सामान ले जाने में झटका लग जाता है। चूंकि यह सेंसेटिव मटेरियल है इसलिए ऐसा हो गया। ये लापरवाही नहीं है, किसी सामान को ले जाने के दौरान ऐसा हादसा हो सकता है।