जशपुर में हुए हादसे को लेकर विपक्ष के बयान पर सीएम भूपेश बघेल ने पलटवार किया है। मुख्यमंत्री ने दो टूक कहा कि भाजपा मुआवजे पर राजनीति न करे। बता दें कि भाजपा के कई नेता जशपुर हादसे में मृतक के परिजनों को एक करोड़ रुपए मुआवजा देने की मांग कर रहे हैं।
सीएम भूपेश ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के एक बयान पर भी पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि, वो अपने राज्य के अपराधियों को तो पकड़ नहीं पाए थे। ऊपर से उन्हें बचाने में पूरी पुलिस लगी हुई थी। क्योंकि गृहमंत्री का लड़का था। अपराधियों के घर पर समन चस्पा किया जाता है। यहां जो घटना घटी है बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। मृतक परिवार के प्रति पूरी संवेदना और घायल जल्द से जल्द स्वस्थ हो इसकी पूरी कामना है। जो अधिकारी ठीक से ड्यूटी नहीं कर रहे थे उन्हें हटा दिया गया है। मृतकों के परिजनों को मुआवजा भी दिया जाएगा।

योगी आदित्यनाथ ने किया था ट्वीट

यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ट्वीट किया था कि छत्तीसगढ़ के जनपद जशपुर में एक धार्मिक जुलूस पर अनियंत्रित वाहन ने लोगों की कुचले जाने की दुर्घटना में हुई मृत्यु अत्यंत दुःखद है। छत्तीसगढ़ सरकार से घायलों के इलाज की व्यवस्था करने और पीड़ितों को हर संभव सहायता प्रदान करने की अपेक्षा है।

कमलनाथ ने की जांच की मांग

मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के एक ट्वीट के जवाब में सीएम भूपेश ने लिखा कि आदरणीय कमलनाथ जी, दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है और आईपीसी की धारा 302 और 304 के अंतर्गत कार्रवाई की जा रही है। मध्य प्रदेश के दोनों आरोपी गांजा लेकर छत्तीसगढ़ पहुंचे थे। जांच जारी है। नशे की तस्करी में मध्यप्रदेश में इनको कौन संरक्षण दे रहा है, इसकी भी जांच जरूरी है। कमलनाथ ने सीएम से गांजा तस्करी के इस मामले में दोषियों पर कार्रवाई करने की मांग की थी।