दुर्ग। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बुधवार को दुर्ग जिले के ग्राम बेल्हारी में साहू समाज द्वारा राज्य में सभी वर्गों के उत्थान और कल्याण के लिए उनके द्वारा किए जा रहे उल्लेखनीय कार्यां के लिए सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने साहू समाज के लोगों का आभार जताते हुए कहा कि समाज के सभी वर्ग के लोगों को आगे बढ़ने का अवसर मिले, यही हमारी कोशिश है। उन्होंने इस अवसर पर ग्राम बेल्हारी में 20 लाख रूपए की लागत के परिक्षेत्रीय साहू समाज के सामुदायिक भवन का लोकार्पण करते हुए साहू समाज के लोगों एवं पदाधिकारियों को बधाई और शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार राज्य के सभी समाज के लोगों एवं किसानों, ग्रामीणों, मजदूरों के फायदे तथा आर्थिक समृद्धि के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी किसान न्याय योजना के तहत तीसरी किश्त की राशि 1 नवम्बर को प्रदेश के किसानों को दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने साहू समाज के नवनिर्मित सामुदायिक भवन परिसर में बोर और आहता निर्माण कराए जाने के साथ ही बेल्हारी तालाब का सौंर्यीकरण कराने की घोषणा की।

कल्याणकारी योजनाओं की शुरुआत

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने साहू समाज की ओर से आयोजित सम्मान समारोह में भक्त माता कर्मा के जयकारे के साथ अपने उद्बोधन में कहा कि प्रदेश में गांवों के किसान एवं श्रमिक खुशहाल रहे, इसके लिए छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा राजीव गांधी किसान न्याय योजना और भूमिहीन कृषि मजदूर न्याय योजना तथा श्रमिकों के कल्याण की योजनाएं शुरू की है।

फार्म भरने का आवाहन

सीएम ने कहा कि राजीव गांधी किसान न्याय योजना के तहत किसानों को खेती का काम शुरू करने के समय, धान निदाई और फसल कटाई के समय उनके खाते में राशि हस्तांतरित की जाती है, ताकि खेती-किसानी के काम के लिए उन्हें सहूलियत हो। उन्होंने कृषि भूमिहीन मजदूर न्याय योजना का लाभ उठाने के लिए पात्र लोगों से 30 नवम्बर तक आवेदन फार्म भरने का आवाहन किया और कहा कि इस योजना के तहत भूमिहीन परिवारों को प्रति वर्ष 6 हजार रुपये की राशि दी जाएगी। उन्होंने कहा कि सुराजी गांव योजना के तहत गांव के गौठानों का निर्माण किया गया है।