रायपुर। मुख्यमंत्री ने गुरुवार को प्रदेशभर के सभी कलेक्टरों के साथ बैठक की थी और आज सभी आईपीएस अधिकारियों के साथ वे बैठक कर रहे हैं। सीएम ने आज की बैठक में हुक्का बारों को लेकर अहम निर्देश दिया है।
मुख्यमंत्री भूपेश ने पुलिस अधिकारियों को दो टूक कहा है कि प्रदेश में हुक्का बार पूरी तरह प्रतिबंधित होना चाहिए। सीएम ने कहा कि प्रदेश में नशे के कारोबार को पनपने न दिया जाए। यदि कहीं ऐसे मामले आते हैं तो संबंधित जिले के पुलिस इस पर कड़ी कार्रवाई करें।
नशीले पदार्थों पर नकेल कसें- सीएम
इसके अलावा सीएम ने दूसरे राज्यों से आ रहे नशीले पदार्थ को लेकर भी कहा है कि छत्तीसगढ़ में किसी भी तरह के नशीले पदार्थों की एंट्री नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि गांजे की एक पत्ती भी दूसरे राज्य से छत्तीसगढ़ में नहीं आनी चाहिए।
सांप्रदायिक दंगे भड़काने वालों को पहचानें- सीएम
सीएम भूपेश ने कहा कि छोटी-छोटी घटनाओं को साम्प्रदायिक और अराजक तत्व बड़ा रूप देने की चेष्टा कर रहे हैं। सभी पुलिस अधीक्षक उन्हें पहचानें, सीएम ने हर स्तर पर, थाना, अनुविभाग, जिला और रेंज लेवल पर सूचना तंत्र विकसित करने के निर्देश दिए हैं। क्योंकि ऐसी घटनाओं का सीधा असर प्रदेश की शांति व्यवस्था और सरकार की छवि पर होता है। पुलिस अधीक्षकों को हर जिले में सोशल मीडिया मॉनिटरिंग की स्पेशल टीम बनाने को कहा है, जो सोशल मीडिया में अफवाह फैलाने वालों को पहचानकर कार्रवाई करें।
सोशल मीडिया पर रखें नजर
भूपेश बघेल ने कहा कि छोटी घटनाओं का राजनीतिक लाभ लेने अवसरवादी तत्व अफवाह, दुष्प्रचार और भ्रामक समाचार फैलाते हैं, इसे रोकें। सोशल मीडिया अफवाह फैलाने का सबसे बड़ा साधन बन गया है। सोशल मीडिया में भी एक सुदृढ़ सूचना तंत्र विकसित करना जरूरी है।
पुलिस प्रशासन की सराहना
मुख्यमंत्री ने कहा कि-कोविड महामारी के दौरान हमारी सरकार, प्रशासन और पुलिस ने अभूतपूर्व कार्य किया है। आपने प्रवासी मजदूरों के हित में बेहतरीन कार्य किया है। इसके लिए सभी बधाई के पात्र हैं।
jai sir is a dedicated news blogger at The Hind Press, known for his sharp insights and fact-based reporting. With a passion for current affairs and investigative journalism, he covers national, international, sports, science, headlines, political developments, environment, and social issues with clarity and integrity.
