मुख्यमंत्री के साथ शैलेन्द्र को भी मिला ‘गार्ड ऑफ ऑनर‘
अपने हाथों से खिलाई मिठाई, बगल में बिठाकर फोटो भी खिंचवाई
मंत्रियों और उच्चाधिकारियों से कराया परिचय, गरियाबंद एसपी से कहा शैलेंद्र को अपने दफ्तर में भी बुलाएं
रायपुर। प्रोजेरिया बीमारी से जूझ रहे गरियाबंद के शैलेंद्र के जीवन-संघर्ष के बारे में मीडिया से जानकारी मिलने पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज उन्हें रायपुर बुलवाकर आईजी-एसपी कॉन्फ्रेंस के दौरान मुलाकात की। उन्होंने शैलेन्द्र और उनके पिता को अपने साथ भोजन पर भी आमंत्रित किया। एसपी कॉन्फ्रेंस के बाद पुलिस बल द्वारा मुख्यमंत्री को दिए जाने वाले ‘गार्ड ऑफ ऑनर‘ में शैलेन्द्र को भी स्थान दिया गया।
सीएम द्वारा पूछे जाने पर शैलेन्द्र ने बताया कि उनकी उम्र 16 साल है और वे हाई स्कूल रसेला में 11वीं के छात्र हैं। शैलेंद्र भविष्य में कलेक्टर बनकर देश की सेवा करना चाहते हैं। मुख्यमंत्री ने शैलेन्द्र को कॉन्फ्रेंस में उपस्थित मंत्री रविन्द्र चौबे और मंत्री ताम्रध्वज साहू, अधिकारीगण मुख्य सचिव अमिताभ जैन, अपर मुख्य सचिव सुब्रत साहू, पुलिस महानिदेशक डी.एम. अवस्थी समेत अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों का परिचय कराया। मुख्यमंत्री बघेल ने बस्तर संभाग के आईजी पी. सुंदरराज का परिचय देते हुए बताया कि ये नक्सलियों से लड़ते हैं और आईजी इंटेलिजेंस आनन्द छाबड़ा का परिचय देते हुए बताया कि ये सूचना प्रमुख हैं।
सीएम ने पूछा ठेठरी खुरमी पंसद है या चॉकलेट
मुख्यमंत्री ने चर्चा के दौरान शैलेन्द्र से पूछा कि उन्हें ठेठरी, खुरमी पसन्द है या चॉकलेट। शैलेन्द्र की पसंद पर मुख्यमंत्री ने उसे खूब सारी चॉकलेट दी और अपने हाथों से मिठाई भी खिलाई। सीएम ने आईजी-एसपी कॉन्फ्रेंस समाप्त होने के बाद शैलेंद्र को न्यू सर्किट हाउस ऑडिटोरियम में बुलाया और अपने बगल की कुर्सी में बिठाकर शैलेंद्र से बड़ी आत्मीयता के साथ बातचीत की। उन्होंने शैलेंद्र से उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। मुख्यमंत्री द्वारा पूछे जाने पर शैलेंद्र ने जब बताया कि वह कक्षा ग्यारहवीं का छात्र है, तो मुख्यमंत्री ने इस बात पर उपस्थित लोगों से तालियां बजवाई। शैलेंद्र ने बताया कि उनके पिता बंशीलाल ध्रुव और मां रामकली ध्रुव खेती-किसानी करते हैं। मुख्यमंत्री बघेल ने गरियाबंद पुलिस अधीक्षक पारूल माथुर से शैलेंद्र का परिचय कराया और उन्हें पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आमंत्रित करने को कहा।
jai sir is a dedicated news blogger at The Hind Press, known for his sharp insights and fact-based reporting. With a passion for current affairs and investigative journalism, he covers national, international, sports, science, headlines, political developments, environment, and social issues with clarity and integrity.
