बिलासपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार झा अब शहर में लोगों की समस्या सुनेंगे। उन्होंने जनदर्शन लगाने का कार्यक्रम निर्धारित कर आदेश जारी कर दिया है। बता दें कि मंगलवार को मुख्यमंत्री ने आईजी, एसपी कॉन्फ्रेंस में आम जनात की समस्याओं को सुनने और उसके निराकरण के लिए जनदर्शन लगाने का निर्देश दिया था। जिसाक पालन करते हुए बिलासपुर एसपी दीपक झा ने ये आदेश जारी किया है।
निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक दीपक कुमार झा, हर मंगलवार को सुबह 11.30 बजे से 1.30 बजे तक पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आम जनता से मिलकर उनकी समस्याओं का समाधान करेंगे।

सभी के लिए एक दिन निर्धारित

इसी तरह हर सोमवार को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आम जनता से मुलाकात कर उनकी समस्याओं का निराकरण करेंगे। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) हर बुधवार को लोगों से मुलाकात करेंगे। इसके अलावा अनुविभाग स्तर पर नगर पुलिस अधीक्षक कोतवाली भी अपने कार्यालय में शनिवार, नगर पुलिस अधीक्षक सिविल लाइन शुक्रवार और एसडीओपी कोटा और डीएसपी मुख्यालय गुरुवार को अपने कार्यालय में जनदर्शन कार्यक्रम करेंगे। इसी तरह अतिरिक्त ग्रामीण थाना/ चौकी और शहरी थाना/ चौकियों के प्रभारी हर हफ्ते चलित थाना लगाकर आम जनता से मिलेंगे और उनकी समस्याओं का निराकरण करेंगे।

शिकायतों की होगी मॉनिटरिंग

जनदर्शन में मिलने वाली शिकायतों की मॉनिटरिंग के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के अधीन मॉनिटरिंग सेल बनाया गया है। जो शिकायतों की सतत मॉनिटरिंग करेगा। इसके साथ ही जनदर्शन में मिली शिकायतों में महिला, बुजुर्ग और बच्चों से संबंधित शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई किए जाने के भी निर्देश दिए गए हैं।