रायपुर। राजधानी रायपुर में अंतर्राज्यीय बस टर्मिनल भाठागांव में 15 नवंबर से बसों का संचालन प्रारंभ करने का कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी सौरभ कुमार ने आदेश दिए हैं। नए अधिसूचित बस स्थानक से राज्य के सभी जिलों और अन्य राज्यों के लिए बसे संचालित होगी।

क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी, रायपुर शैलाभ साहू ने बताया कि सुगम यातायात व्यवस्था एवं लोक सुरक्षा की दृष्टि से केन्द्र्रीय मोटरयान अधिनियम और छत्तीसगढ़ मोटरयान अधिनियम के तहत यह आदेश जारी किया गया है। इसके तहत सुगम यातायात व्यवस्था एवं लोक सुरक्षा को दृष्टिगत रखते हुए सभी यात्री बसें (स्कूल बस, सिटी बस एवं प्राइवेट सेवा यान को छोड़कर) को केवल रिंग रोड से ही अधिसूचित बस स्थानक तक आएंगी। बसों का शहर के भीतर अन्य सभी प्रवेश मार्गों से प्रवेश प्रतिषेध किया गया है। 15 तारीख़ से बस स्टैंड पंडरी से शिफ़्ट होकर भटगांव में निर्मित नवीन अंतर्राज्यीय बस स्टैंड में चला जाएगा और बस संचालक नवीन बस स्टैंड से ही सवारी उतार और चढ़ पाएंगे।

वहीं दूसरी ओर अब प्रशासन ने एक और मोहलत देते हुए नोटिस जारी किया है। ​प्रशासन ने पंडरी बस स्टैंड के कारोबारियों को रविवार तक मोहलत दिया है। इसके बाद पंडरी बस स्टैंड में तोड़फोड़ की कार्रवाई होगी। सौ से ज्यादा दुकानों में कारोबारियों और ऑपरेटरों को नोटिस दिया है। वहीं सोमवार से आगे बिल्कुल भी मोहलत नहीं मिलेगी।