रायपुर। लोक निर्माण मंत्री ताम्रध्वज साहू ने शनिवार को राजधानी में एक्सप्रेस-वे सहित ओवर ब्रिज और अंडर ब्रिज के कार्यों की प्रगति का आकस्मिक निरीक्षण किया। निर्माणाधीन गोगांव अंडरब्रिज की प्रगति का जायजा लेने के दौरान उन्होंने कार्यों की धीमी प्रगति पर सख्त नाराजगी जाहिर की। मंत्री ने यहां कार्यों में देरी को देखते हुए संबंधित ठेकेदार को हटाने और ठेका निरस्त करते हुए नए टेंडर करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। उन्होंने एक्सप्रेस-वे सहित ब्रिज संबंधित कार्यों में प्रगति लाने और गुणवत्तामूलक कार्य करते हुए तय समय-सीमा के भीतर सभी कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं।

मंत्री ने सबसे पहले रायपुर के लालपुर में फ्लाई ओवर के कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। यहां उन्होंने ब्रिज के दोनों ओर पर्याप्त कर्मचारी लगाकर पूरी क्षमता से तय समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य करते हुए निर्माण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। तेलीबांधा में एक्सप्रेस-वे का निरीक्षण करते हुए मंत्री साहू ने यहां हाईमास्ट लाइट और निर्माण स्थल के आसपास सुरक्षा लाइट लगाने के निर्देश दिए। यहां अधिकारियों ने उन्हें बताया कि 2 सड़क में डामरीकरण कर आवागमन प्रारंभ कर दिया गया है। शेष में डामरीकरण प्रारंभ कर आवागमन प्रारंभ किया जाएगा।

निरीक्षण करते मंत्री ताम्रध्वज साहू

जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों से मिले मंत्री

शंकर नगर और पंडरी में निरीक्षण के दौरान मंत्री ने सर्विस रोड में दोनों ओर से वाहनों के सुव्यवस्थित आवागमन के लिए पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं। उन्होंने कार्यों में प्रगति लाने के निर्देश भी दिए। फाफाडीह अंडरब्रिज के कार्यों के अवलोकन के दौरान मंत्री ताम्रध्वज साहू ने गुणवत्तामूलक कार्यों को ध्यान में रखते हुए बेहतर कार्य प्रबंधन से तय सीमा के भीतर कार्य पूरा करने के सख्त निर्देश दिए। ऐसे ही गोगांव अंडर ब्रिज के निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यों की प्रगति को लेकर सख्त नाराजगी व्यक्त की और स्थानीय जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों की बाते भी सुनी।