रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयुक्त ठाकुर राम सिंह ने नगरीय निकाय चुनाव की तैयारियों के संबंध में 12 नवंबर को सभी जिलों के उप जिला निर्वाचन अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में आयुक्त ने कहा कि कोविड 19 प्रोटोकॉल का पालन सुनिश्चित करते हुए चुनाव कराना हमारी पहली प्राथमिकता है। इसलिए मतदान केंद्र चिन्हांकित करने के पहले इस बात का विशेष ध्यान रखें। उन्होंने कहा प्रशिक्षण, नाम निर्देशन के दौरान, मतदान सामग्री वितरण, मतदान के दौरान, मतदान दलों की वापसी एवं मतगणना के समय कोविड 19 के प्रोटोकॉल का पालन सुनिश्चित करें।
निर्वाचन आयुक्त ने कहा कि कोविड के बाद लोगों के स्वास्थ्य में बड़ा बदलाव आया है। इस महामारी ने सभी को शारीरिक और मानसिक रूप से प्रभावित किया है। ऐसे में निर्वाचन ड्यूटी में लगे कर्मचारियों के हित का भी ध्यान रखना जरूरी है। उन्होंने सलाह दी कि जहां तक हो सके कोशिश करें कि 55 साल से ज्यादा उम्र के शासकीय कर्मचारियों को निर्वाचन ड्यूटी से राहत दें। साथ ही इस बात पर विशेष ध्यान दें कि निर्वाचन ड्यूटी में लगे सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को कोविड 19 से बचाव के लिए वैक्सीन की दोनों डोज लग गई हों।
कमियां दुरुस्त करने के निर्देश
आयुक्त ने बैठक में निर्वाचन की तैयारियों के प्रति असंतोष जाहिर किया है। उन्होंने समीक्षा करते हुए कहा कि आयोग को तैयारियों के संबंध में शत प्रतिशत श्योरिटी चाहिए। उन्होंने कहा कि कोविड संकट अभी भी पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है। इसलिए सुनिश्चित होना जरूरी है। उन्होंने उप जिला निर्वाचन अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जिन नगरीय निकायों में आम निर्वाचन और उप निर्वाचन होने हैं वहां 17 नवंबर तक सारी कमियां दुरुस्त कर ली जाए।
ऑनलाइन नॉमिनेशन का ऑप्शन
छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग ने 2019 से प्रत्याशियों को ऑनलाइन नॉमिनेशन की सुविधा देने के लिए ओनो सॉफ्टवेयर विकसित किया है। खास बात ये है कि पूरे देश में छत्तीसगढ़ निर्वाचन आयोग ने सबसे पहले इस तरह के नवचार की शुरुआत की है। इसके विषय में 16 नवंबर को आयोग ऑनलाइन प्रशिक्षण का आयोजन भी करने वाला है। यह प्रशिक्षण उप सचिव दीपक कुमार अग्रवाल देंगे।
jai sir is a dedicated news blogger at The Hind Press, known for his sharp insights and fact-based reporting. With a passion for current affairs and investigative journalism, he covers national, international, sports, science, headlines, political developments, environment, and social issues with clarity and integrity.
