रायपुर। राज्य के 9वीं से 12वीं तक के लाखों छात्र अब 36 महान विभूतियाें की कहानी पढ़ेंगे। छात्राें काे महान शख्सियताें के जीवन से अवगत कराने के मकसद से एससीईआरटी ने छत्तीसगढ़ की विभूतियां नाम से पुस्तक प्रकाशित की है।

74 पेज की इस किताब में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी से लेकर छत्तीसगढ़ राज्य गठन में अहम भूमिका निभाने वाली कुल 36 विभूतियों की कहानी 2 -2 पेज में प्रकाशित की गई है। किताब में धर्म गुरुओं को भी स्थान दिया गया है। किताब राज्य के सभी सरकारी हाई स्कूल और हायर सेकंडरी स्कूलों की लाइब्रेरी में रखी जाएगी।

सीएम भूपेश बघेल ने किया किताब का विमोचन

राज्य स्तरीय शैक्षणिक स्थायी समिति ने मिलकर निर्णय लिया कि राज्य की विभूतियों से छात्रों को वाकिफ कराना चाहिए। इस समिति के अध्यक्ष रविशंकर यूनिवर्सिटी के कुलपति हैं। लगभग दो महीने की मेहनत से बुक तैयार की गई है। इसमें महापुरुषों के जीवन संघर्षों को शामिल किया गया है। इसे पढ़कर छात्रों में संघर्ष करने, अन्याय के विरोध में आवाज उठाने और देशभक्ति की भावना जागृत होगी। सीएम बघेल ने शिक्षा समागम में किताब का विमोचन किया। इस किताब का दूसरा संस्करण भी प्रकाशित किया जाएगा, जिसमें अन्य महान विभूतियों की जीवनी पढ़ने मिलेंगी।

किताब में इन विभूतियों की कहानी शामिल

​​​​​​​किताब में गुरु घासीदास, वीर नारायण सिंह, शहीद गैंद सिंह, माधवराव सप्रे, वामनराव लाखे, वीर गुंडाधूर, राधाबाई, दाऊ कल्याण सिंह, रविशंकर शुक्ल, सुंदरलाल शर्मा, बैरिस्टर छेदीलाल, छोटेलाल श्रीवास्तव, प्यारेलाल सिंह, मुकुटधर पांडेय, डॉ. खूबचंद बघेल, राजा चक्रधर सिंह, डॉ. नरेन्द्र देव वर्मा सहित 36 की कहानी शामिल हैं।