भिलाई नगर। भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव के अथक प्रयासों से छावनी में पट्टे के लिए सैद्धांतिक सहमति राज्य शासन से प्राप्त हो गई है। 1067 हितग्राहियों को शीघ्र पट्टे का वितरण प्रारंभ कर दिया जाएगा। भिलाई के छावनी वार्ड क्रमांक 28 के छावनी बस्ती, एसीसी चौक, राजीव नगर छावनी, शंकर नगर, छावनी चौक की भूमि राजीव आश्रय योजना के लिए राजस्व विभाग के माध्यम से कलेक्टर दुर्ग को हस्तांतरित किए जाने के प्रस्ताव पर सैद्धांतिक सहमति प्रदान की गई है। राजस्व विभाग से सैद्धांतिक सहमति मिलने के बाद आदेश पारित किया है। उद्योग विभाग से हस्तांतरित भूमि के राजस्व अभिलेखों में आवश्यक संशोधन किया जा रहा है। राज्य के उद्योग संचालनालय ने यहां पर वर्षों से काबिज लोगों को राजीव आश्रय योजना 2019 के अंतर्गत पट्टा प्रदान करने के लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र जारी कर दिया है।

विधायक देवेंद्र यादव ने की थी पहल

बीते 50 साल से इस सपने को संजोए बैठे छावनी वासियों के सपना अब पूरा होने जा रहा है। विधायक देवेंद्र यादव ने गरीबों के इस सपने को साकार करने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से चर्चा कर मांग किया था। सीएम भूपेश बघेल ने पहल की और अब जल्द ही छावनी के लोगों को पट्टा दिया जाएगा। इसके लिए भिलाई नगर विधायक यादव ने प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का पूरे छावनी वासियों की ओर से दिल से आभार जाता है और कहा, जब तक भूपेश बघेल सीएम रहेंगे तब तक गरीबों का हर सपना यूं ही साकार होगा।

सीएम की घोषणा के बाद तुरंत हुआ क्रियान्वयन

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने छावनी निवासियों को राजीव गांधी आश्रय योजना अंतर्गत पट्टे देने की घोषणा 18 नवंबर को की थी। मुख्यमंत्री की घोषणा के तुरंत पश्चात इसके क्रियान्वयन पर तेजी से कार्रवाई आरंभ कर दी गई थी। घोषणा अनुरूप लोगों को शीघ्रताशीघ्र पट्टे मिल सके, इसके लिए कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेंद्र भुरे लगातार मानिटरिंग कर रहे थे।