रायपुर। छत्तीसगढ़ में 1 दिसंबर से धान खरीदी शुरू होने वाली है ,वही खनिज विभाग की टीम ने अवैध धान परिवहन के खिलाफ अब तक सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए पेंड्रा, जांजगीर चांपा और महासमुंद जिले के सराईपाली में अवैध धान जब्त किया है। मिली जानकारी के अनुसार पेंड्रा में धान तस्करी की आशंका पर गौरेला के खोडरी गांव के राजेंद्र केसरवानी के गोदाम पर कार्रवाई हुई। इस दौरान टीम ने गोदाम में रखे 1823 बोरी अवैध धान जब्त किया है। बताया जा रहा है कि दूसरे राज्य से तस्करी की आशंका पर यह कार्रवाई हुई। जांजगीर में खनिज विभाग की टीम ने अवैध परिवहन करते 13 गाड़ी पर कार्रवाई की है। खनिज मैन्युअल के तहत जुर्माना वसूला जाएगा। बिर्रा और नवागढ़ क्षेत्र में यह कार्रवाई हुई। इधर महासमुंद जिले के सराईपाली में राजस्व और खाद्य विभाग टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। अलग-अलग मामलों में 575 बोरा अवैध धान जब्त किया है , टीम को अवैध भंडारण व परिवहन की शिकायत मिली थी। मंडी अधिनियम के तहत यह कार्रवाई हुई है। टीम ने तीन टैक्टर जब्त किया है।