रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल दिल्ली के लिए रवाना हो गए हैं। इससे पहले रायपुर एयरपोर्ट पर सीएम ने अपने चिर—परिचित अंदाज में मोदी सरकार को कटघरे में खड़ा किया। सीएम बघेल ने कहा कि छत्तीसगढ़ में अरवा और उसना दोनों ही क्वॉलिटी के धान होते है। सालों से उसना चावल केंद्र सरकार खरीदते आ रही है, लेकिन इस बार बगैर किसी पूर्व सूचना के खरीदी से इंकार कर दिया है, इससे राइस मिलर्स प्रभावित होंगे। वहीं उस धान का क्या होगा, जबकि किसानों से राज्य सरकार को खरीदना ही पड़ेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस विषय को लेकर वे अपने पूरे मंत्रिमंडल के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगे और उन्हें छत्तीसगढ़ की स्थिति से अवगत कराएंगे। ताकि प्रदेश सरकार के साथ राइस मिलर्स को दिक्कतों का सामना ना करना पड़े।

केंद्र भुगतान नहीं कर रहा तो कहां से लाएंगे पैसे ?

प्रधानमंत्री आवास योजना में आई बाधा को लेकर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने ठिकरा केंद्र सरकार के सिर पर फोड़ा है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार धनराशि उपलब्ध नहीं कराएगी, राज्य के हिस्से का पैसा ​नहीं देगी, तो हम पैसा कहां से लाएंगे। ऐसे में अर्थव्यवस्था बिगड़ना तय है। जिस पर केंद्र को विचार करने की जरुरत है।