बिलासपुर। राज्य निर्वाचन आयोग ने नगरीय निकाय चुनाव के साथ उप चुनाव का एलान कर दिया है। अब बिलासपुर नगर निगम में कांग्रेस नेता और पार्षद शेख गफ्फार के निधन से दो साल पहले खाली हुई सीट वार्ड क्रमांक 29 संजय गांधी नगर में भी चुनाव होना है। ऐसे में कांग्रेस और भाजपा दोनों ही पार्टियों में सुगबुगाहट तेज हो गई है। वहीं, जिला प्रशासन ने भी चुनाव के लिए जरूरी तैयारियां शुरू कर दी है। इस वार्ड में आचार संहिता भी लागू हो गई है।
नगर निगम के 70 वार्डों के लिए साल 2019 में चुनाव हुआ था। जिसमें वार्ड क्रमांक 29 संजय गांधी नगर से कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और बीडीए के पूर्व अध्यक्ष शेख गफ्फार पार्षद पद के प्रत्याशी थे। उनके खिलाफ भाजपा ने राजेश रजक को उतारा था। तारबाहर क्षेत्र स्थित ये वार्ड शुरू से ही कांग्रेस का अभेद किला रहा है। चुनाव के नतीजे आए। लेकिन इससे पहले ही शेख गफ्फार को हार्ट अटैक आ गया और अपोलो अस्पताल में इलाज के दौरान उनका निधन हो गया। चुनाव में दिवंगत कांग्रेस नेता गफ्फार की जीत हुई। लेकिन, उनके निधन के बाद से वार्ड खाली रहा।
प्रत्याशी चयन में भिड़ी पार्टियां
उप चुनाव की घोषणा के बाद से भाजपा-कांग्रेस दोनों दलों के नेताओं ने पार्षद के दावेदारों की तलाश शुरू कर दी है। भाजपा नेताओं का कहना है कि दो साल से इस वार्ड को जनप्रतिनिधि विहीन रखा गया है। इसके चलते वार्ड वासियों को लगातार समस्याओं का सामना करना पड़ रहा था और उपेक्षित रहा। पूर्व महापौर और भाजपा नेता किशोर राय का कहना है कि राज्य सरकार व नगर निगम की उपेक्षा को लेकर हम वार्ड के मतदाताओं के बीच जाएंगे। टिकट के लिए मंडल समिति नामों का पैनल तैयार करेगी, जिस पर चयन समिति फैसला लेगी।
कांग्रेस की जीत तय- विजय पांडेय
कांग्रेस जिला अध्यक्ष विजय पांडेय संजय गांधी नगर में स्व. शेख गफ्फार लगातार सक्रिय रहे और वार्ड के विकास के लिए सतत प्रयत्नशील रहते थे। उनके इस वार्ड में कांग्रेस की जीत तय है। वर्तमान में महंगाई सबसे बड़ा मुद्दा है। नगर निगम में हो रहे विकास कार्य को लेकर हम जनता के बीच जाएंगे। उन्होंने कहा कि पार्षद पद के लिए योग्यता के आधार पर प्रत्याशी का चयन किया जाएगा और जिताऊ व्यक्ति को ही टिकट दी जाएगी।
jai sir is a dedicated news blogger at The Hind Press, known for his sharp insights and fact-based reporting. With a passion for current affairs and investigative journalism, he covers national, international, sports, science, headlines, political developments, environment, and social issues with clarity and integrity.
