रायपुर। स्वस्थ शरीर में स्वस्थ मस्तिष्क का जन्म होता है, इस उद्देश्य को लेकर एससीआरटी (राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद) ने शिक्षकों के प्रशिक्षण के लिए सुबह योगा और फिटनेस क्लास की शुरुआत की है। इसके लिए परिसर स्थित हॉस्टल में योग एवं फिटनेस के प्रशिक्षक की भी व्यवस्था की गई है।

स्कूल शिक्षा विभाग के संयुक्त सचिव और एससीआरटी डायरेक्टर राजेश सिंह राणा ने बताया कि अब एससीईआरटी में शिक्षा गुणवत्ता के लिए शिक्षकों के प्रशिक्षण पर विशेष जोर दिया जा रहा है। बीते कोरोना काल के अनुभव को देखते हुए अब शिक्षकों को फिट रखने का प्रयास किया जा रहा है। यहां हर दिन सुबह 7 बजे से 8 बजे तक योग और फिटनेस क्लास लगाई जाएगी। जब शिक्षक फिट रहेंगे तो वह प्रशिक्षण में सीख कर अपने स्कूल के बच्चों को भी फिट रखेंगे।

प्रशिक्षण का अवलोकन करते एससीआरटी के डायरेक्टर

19 संस्थानों में भी होगी शुरुआत

उन्होंने बताया कि हमारा उद्देश्य बच्चों में स्वास्थ्य जागरूकता के साथ शिक्षा गुणवत्ता को बढ़ाना है। अभी एससीईआरटी के आवासीय परिसर में इसकी शुरुआत की गई है। ये कार्यक्रम जल्द ही प्रदेश के 19 जिला शिक्षा प्रशिक्षण संस्थान में शुरू किया जाएगा।

प्रशिक्षणार्थियों का उत्साहवर्धन

बता दें कि शिक्षकों के प्रशिक्षण में योगा फिटनेस क्लास को अनिवार्य कर दिया गया है। इसकी मॉनिटरिंग के लिए एससीईआरटी डायरेक्टर ने आज सुबह खुद योगा एवं फिटनेस क्लास का अवलोकन किया। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों से बातचीत की और उनका उत्साहवर्धन किया। इस दौरान उनके साथ स्कूल शिक्षा विभाग के उप संचालक उमेश कुमार साहू, सहायक संचालक प्रशांत कुमार पांडेय, योग प्रभारी ज्ञान प्रकाश द्विवेदी, प्रकोष्ठ प्रभारी डेकेश्वर वर्मा सहित आवासीय प्रशिक्षण में आए प्रशिक्षणार्थी मौजूद थे।